Bokaro News: चोरों के आतंक से लोग परेशान, तीन बंद घरों में चोरी
बंद क्वार्टरों में आए दिन हो रही चोरी की घटना
पुलिस को चोरों का कोई अता पता नहीं. लोग जब भी आवास बंद कर कहीं बाहर जाते हैं तो घात लगाए बैठे चोर गिरोह वहां धावा बोल देते हैं.
बोकारो: बेरमो थाना क्षेत्र के फुसरो नगर परिषद अंतर्गत ढ़ोरी स्टाफ क्वार्टर स्थित मजदूर नेता विकास कुमार सिंह, सीसीएल कर्मी प्रेमचंद महतो एवं सेवानिवृत्त कर्मी लखन लाल शर्मा के बंद आवास से चोरों ने जेवरात, कीमती कपड़े सहित नकदी की चोरी कर ली. शुक्रवार को पड़ोसियो ने देखा कि दरवाजे पर लगा हुआ ताला और दरवाजे की कुंडी टूटी हुई है. घर के अंदर रखा आलमारी का लॉकर भी टूटा हुआ है. बक्सा और दिवान में रखे सारे समान बिखरा पड़ा है. घटना की सूचना पाकर बेरमो थाना प्रभारी रोहित कुमार सिंह ने दल बल के साथ पहुंचकर लोगो से पूछताछ कर छानबीन में जुट गए.
पीड़ित गृहस्वामी सह मजदूर नेता विकास सिंह, प्रेमचंद महतो और लखन लाल शर्मा के परिजन के अलावा मजदूर नेता ओम शंकर सिंह आदि ने बताया कि सीसीएल के बंद क्वार्टरों में ऐसी चोरी की घटना आए दिन हो रही है. लोग जब भी आवास बंद कर कहीं बाहर जाते हैं तो घात लगाए बैठे चोर गिरोह वहां धावा बोल देते हैं. अधिकांश मामले में पुलिस को चोरों का कोई अता पता नहीं मिल पाता है. मौके पर मजदूर नेता बिगन सोनी, अंनत सिंह, राहुल कुमार सिंह, आर एस तिवारी, मनोज सिंह,गुडु सिंह आदि मुख्य रूप से उपस्थित थे.
Related Posts

Latest News

