रांची के अखबारों की सुर्खियां : बाबूलाल भाजपा तो प्रदीप-बंधु कांग्रेस में शामिल, कांके गैंगरेप की डीएनए जांच में पुष्टि, अन्य खबरें
रांची : रांची के अखबारों में आज बाबूलाल मरांडी की भाजपा में वापसी, निर्भया कांड के दोषियों की फांसी की नयी तारीख और सेना में महिलाओं को स्थायी कमीशन तीन अहम खबरें हैं. इसके अलावा भी अखबारों की कई खबरें हैं जो ध्यान खींचती हैं.
प्रभात खबर ने आज लीड खबर बाबूलाल मरांडी की भाजपा में वापसी को बनाया है. अखबार ने इस खबर का शीर्षक अमित शाह के बयान को बनाया है: 2014 से प्रयास कर रहा था, मरांडी के आने से बढेगी भाजपा की ताकत. वहीं, बाबूलाल का बयान है: जहां से चले थे वहीं पहुंचे. वहीं, झाविमो के दो अन्य विधायक प्रदीप यादव बंधु तिर्की दिल्ली में आरपीएन सिंह व रणदीप सुरजेवाला की मौजूदगी में कांग्रेस में शामिल हो गए. निर्भया गैंगरेप केस में कोर्ट से तीसरी बार डेथ वारंट जारी किया जाना अखबार की दूसरी बड़ी खबर है. इसका शीर्षक है: मौत की तारीख मुकर्रर, तीन मार्च की सुबह फांसी. रिम्स की एक महिला डाॅक्टर के साथ गिरिडीह में रोड पर किए गए दुव्र्यवहार की खबर भी पहले पन्ने पर है. अदिति कश्यप नामक वह डाॅक्टर अपनी कार से ड्राइवर के साथ रांची से अपने घर देवघर जा रही थीं, इसी दौरान स्कार्पियो पर सवार लोगों ने दुव्र्यवहार किया. यह खबर भी है कि सेना में अब महिलाओं को भी स्थायी कमीशन मिलेगा. यह जीत 17 साल बाद हासिल हुई है. बेतला में जिस बाघिन को बायसन ने मारा, वह सात दिन से भूखी थी. पोस्टमार्टम में उसका पेट खाली मिला. उसने शिकार के लिए बायसन के बच्चे को पकड़ा था, जिसके बाद बायसन के झुंड ने उस पर हमला कर दिया था. देवघर के झौंसागढी इलाके में घर में घुस कर अमित सिंह नामक एक युवक व उसकी मां अरुणा सिंह की हत्या कर दी गयी. अमित हाल ही में विशाल हत्याकांड में जमानत पर बाहर आया था. गुमला के भरनो से एक खबर है कि बेटे की सलामती के लिए माताएं अंधविश्वास वस गांव-गांव भीख मांग रही हैं.दैनिक भास्कर ने भी बाबूलाल मरांडी की भाजपा में वापसी को लीड खबर बनाया है और शीर्षक दिया है: 14 साल बाद बाबू फिर भाजपा के लाल, घर वापसी पर बोले मरांडी मन को मनाने में लग गए 11 साल. वहीं, अमित शाह ने कहा कि मरांडी थोड़े जिद्दी हैं और झाविमो कार्यकर्ताओं को कभी यह नहीं लगेगा कि वे बाहरी हैं, सबको जिम्मेवारी मिलेगी. वहीं, बंधु तिर्की व प्रदीप यादव के कांग्रेस में जाने की खबर भी है. बकोरिया कांड पर खबर है कि पूर्व डीजीपी डीके पांडेय सहित सात अफसरों से पूछताछ की जाएगी. वहीं, यह खबर भी है कि रेलवे स्टेशन पर मुफ्त वाइफाइ देने वाला प्रोग्राम गूगल बंद करेगी.



