"सड़क सुरक्षा और जीवन रक्षा" पर कार्यशाला का आयोजन
मॉडल कॉलेज में हरित वातावरण का लिया गया संकल्प
राजमहल मॉडल कॉलेज में सड़क सुरक्षा और जीवन रक्षा कार्यशाला संपन्न हुई। विद्यार्थियों ने यातायात नियमों पर प्रशिक्षण लिया और वृक्षारोपण कर हरित वातावरण का संकल्प लिया।
साहिबगंज : मॉडल कॉलेज राजमहल में 'सड़क सुरक्षा और जीवन रक्षा' विषय पर एक विशेष जागरूकता कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों, शिक्षकों तथा आम नागरिकों को यातायात नियमों के प्रति सजग बनाना और सड़क दुर्घटनाओं से बचाव के उपायों की जानकारी देना था। यह कार्यशाला राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण, भारत सरकार; इंडियन इंफ्राटेक प्राइवेट लिमिटेड एवं मॉडल कॉलेज राजमहल साहिबगंज के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित की गई। कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. रणजीत कुमार सिंह ने की। कार्यक्रम का शुभारंभ महान स्वतंत्रता सेनानी सिद्धो–कान्हु मुर्मू की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर किया गया। प्राचार्य ने अतिथियों का पारंपरिक तरीके से अंगवस्त्र एवं पौधा भेंट कर स्वागत किया।

कार्यशाला के अंतर्गत आयोजित प्रश्नोत्तर सत्र में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और सड़क सुरक्षा से जुड़े अनेक महत्वपूर्ण सवाल पूछे, जिनका विद्यार्थियों, विशेषज्ञों ने विस्तार से उत्तर दिया।
अपने अध्यक्षीय संबोधन में डॉ. रणजीत कुमार सिंह ने NHAI और इंडियन इंफ्राटेक प्राइवेट लिमिटेड के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस प्रकार की कार्यशालाएं नियमित रूप से आयोजित होती रहनी चाहिए, ताकि विद्यार्थियों युवाओं व आम नागरिकों में सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के प्रति जागरूकता बढ़े तथा वे समाज में भी इसके प्रचारक बन सकें। कार्यक्रम का सफल संचालन डॉ. रमजान अली ने किया।
इस अवसर पर इंडियन इंफ्राटेक प्राइवेट लिमिटेड, एनएचआईए के साइट अभियंता आशुतोष श्रीवास्तव, मॉडल कॉलेज के डॉ. अमित कुमार, डॉ. हसनैन, डॉ. जेबा, प्रो. सविता, प्रो. ग्लोरिया, महाविद्यालय के कर्मचारी तथा सैकड़ों विद्यार्थी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के समापन पर सभी ने वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया और समाज में सुरक्षित यातायात एवं हरित वातावरण के प्रति जागरूकता फैलाने का संदेश दिया।
