MECON Limited भर्ती 2026: रिक्त पदों पर आवेदन शुरू, जानें योग्यता, आयु सीमा, चयन प्रक्रिया और वेतन
कंपनी की ओर से आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। अभ्यर्थी निर्धारित अंतिम तिथि 6 मई तक अपना आवेदन फॉर्म जमा कर सकते हैं। समय सीमा के बाद किए गए आवेदन स्वीकार नहीं किए जाएंगे, इसलिए उम्मीदवारों को सलाह दी जाती है कि अंतिम तिथि का इंतजार करने की आदत थोड़ी कम करें और समय रहते आवेदन पूरा कर लें।
रांची: MECON Limited ने विभिन्न पदों पर भर्ती के लिए नई अधिसूचना जारी की है। इस भर्ती अभियान के तहत कुल 24 रिक्त पद भरे जाएंगे। इनमें 14 पद अकाउंटेंट के लिए, 2 पद असिस्टेंट (एचआर) के लिए, 2 पद असिस्टेंट (एडमिनिस्ट्रेशन) के लिए और 6 पद असिस्टेंट (सेक्रेटेरियल सर्विस) के लिए रखे गए हैं। इच्छुक उम्मीदवार अब ऑनलाइन माध्यम से आवेदन कर सकते हैं। आवेदन प्रक्रिया शुरू हो चुकी है और आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि 6 मई तय की गई है।
इन पदों के लिए आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों के पास संबंधित योग्यता होना जरूरी है। पद के अनुसार उम्मीदवार के पास ICSI, ICMA, इंटरमीडिएट, BBA जैसी आवश्यक शैक्षणिक योग्यता या अन्य निर्धारित पात्रताएं होनी चाहिए। इसके साथ ही, उम्मीदवारों को पद से जुड़ी जरूरी स्किल और शर्तों को भी पूरा करना होगा।

चयन प्रक्रिया कई चरणों में होगी। योग्य उम्मीदवारों का चयन कंप्यूटर आधारित परीक्षा यानी CBT, मेडिकल टेस्ट और डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन के आधार पर किया जाएगा। सभी चरण पूरे होने के बाद चुने गए अभ्यर्थियों को पद के अनुसार 27,710 रुपये से 53,590 रुपये प्रतिमाह तक वेतन दिया जाएगा।
आवेदन शुल्क भी श्रेणी के अनुसार तय किया गया है। सामान्य, ओबीसी और ईडब्ल्यूएस वर्ग के उम्मीदवारों को 875 रुपये शुल्क देना होगा, जबकि एससी, एसटी, दिव्यांग और पूर्व सैनिक उम्मीदवारों के लिए शुल्क 625 रुपये रखा गया है।
आवेदन करने के लिए उम्मीदवारों को MECON Limited की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर भर्ती से जुड़ा सक्रिय लिंक खोलना होगा। इसके बाद रजिस्ट्रेशन कर लॉगिन करना होगा, फिर आवेदन फॉर्म में मांगी गई जानकारी सावधानीपूर्वक भरनी होगी। आवश्यक दस्तावेज सही साइज में अपलोड करने के बाद शुल्क का भुगतान कर फॉर्म सबमिट करना होगा। अंतिम चरण में उम्मीदवारों को फॉर्म का प्रिंटआउट सुरक्षित रख लेना चाहिए।
