बोकारो में दर्दनाक सड़क हादसा: ट्रक की चपेट में महिला की मौत, बेटी घायल
शिव मंदिर-दुर्गा मंदिर के बीच हुआ हादसा
Bokaro के माराफारी थाना क्षेत्र स्थित रितुडीह में एक दर्दनाक सड़क हादसे में महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसकी बेटी गंभीर रूप से घायल हो गई। स्कूटी सवार महिला ट्रक की चपेट में आ गई।
बोकारो: माराफारी थाना क्षेत्र के रितुडीह स्थित शिव मंदिर और दुर्गा मंदिर के बीच मंगलवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में स्कूटी सवार महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसकी बेटी गंभीर रूप से घायल हो गई। घायल बच्ची को स्थानीय नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सेक्टर-3सी आवास संख्या 694 निवासी सुनील कुमार राम की पत्नी रिंकू देवी अपनी बेटी दिव्या कुमारी के साथ स्कूटी (संख्या जेएच 09 बीजे 9947) से बालीडीह स्थित अपनी बहन के घर से लौट रही थीं। इसी दौरान रितुडीह में शिव मंदिर और दुर्गा मंदिर के बीच पीछे से आ रहे गिट्टी लदे ट्रक (संख्या जेएच 09 ए ए 9958) ने जोरदार हॉर्न बजाया, जिससे महिला असंतुलित होकर गिर गई और ट्रक की चपेट में आ गई। हादसे में रिंकू देवी की मौके पर ही मौत हो गई।

गौरतलब है कि कुछ दिन पूर्व इसी क्षेत्र में एक अन्य महिला की भी सड़क दुर्घटना में मौत हो चुकी है। उस समय प्रशासनिक अधिकारियों ने दुर्घटनाओं पर रोक लगाने के लिए आवश्यक कदम उठाने का आश्वासन दिया था, लेकिन इसके बावजूद इस इलाके में लगातार हादसे हो रहे हैं, जिससे स्थानीय लोगों में रोष व्याप्त है।
