Koderma News: मरीजों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं को लेकर उपायुक्त ने की बैठक
वार्ड का नियमित भ्रमण कर स्वास्थ्य सेवा सुनिश्चित करें
कोडरमा उपायुक्त ऋतुराज ने समाहरणालय में चिकित्सकों संग बैठक कर गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने डॉक्टरों को नियमित वार्ड भ्रमण, मरीजों के रिकॉर्ड का बेहतर संधारण और आयुष्मान भारत के तहत अधिक भर्ती सुनिश्चित करने को कहा। बैठक में विशेषज्ञों के सुझावों पर त्वरित कार्रवाई और समय पर दवा-जांच उपलब्ध कराने पर जोर दिया गया।
कोडरमा: समाहरणालय सभागार में उपायुक्त ऋतुराज की अध्यक्षता में सरकारी चिकित्सकों एवं आयुष्मान भारत अंतर्गत नियुक्त चिकित्सकों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक के दौरान उपायुक्त ने सभी चिकित्सकों को निर्देश दिया कि मरीजों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि चिकित्सक नियमित रूप से वार्ड का भ्रमण करें तथा मरीजों की भर्ती पर्ची एवं अभिलेखों का सुव्यवस्थित एवं गुणवत्तापूर्ण संधारण करें, ताकि मरीजों का उपचार बेहतर ढंग से किया जा सके। बैठक में न्यूरोलॉजी, ऑर्थोपेडिक एवं सामान्य सर्जन विभाग के चिकित्सकों द्वारा विभिन्न बिंदुओं पर सुझाव प्रस्तुत किए गए।
उपायुक्त ने इन सुझावों पर संज्ञान लेते हुए उपाधीक्षक को आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया। उपायुक्त ने यह भी निर्देश दिया कि आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत अधिक से अधिक मरीजों का भर्ती सुनिश्चित किया जाए, ताकि आय एवं व्यय के बीच संतुलन बना रहे। साथ ही उन्होंने कहा कि सभी मरीजों को समय पर दवा, जांच एवं अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराना सुनिश्चित किया जाए। बैठक में उप विकास आयुक्त रवि जैन, सिविल सर्जन डॉ. अनिल कुमार, उपाधीक्षक डॉ. रंजीत कुमार, चिकित्सक पदाधिकारी डॉ. कुलदीप सहित अन्य चिकित्सक पदाधिकारी उपस्थित रहे।
