Sahebganj News: अपर समाहर्ता गौतम भगत ने जनता दरबार में सुनी फरियाद, अधिकारियों को दिए निर्देश
त्वरित कार्रवाई से शिकायतों का होगा जल्द निष्पादन
साहिबगंज उपायुक्त कार्यालय में आयोजित जनता दरबार में अपर समाहर्ता गौतम भगत ने जिलेवासियों की समस्याएं सुनीं। सुनवाई के दौरान भूमि विवाद, बिजली, पानी और सड़क से संबंधित शिकायतों की अधिकता रही। अपर समाहर्ता ने संबंधित अधिकारियों को सभी आवेदनों की भौतिक जांच करने और उनकी रिपोर्ट उपायुक्त कार्यालय को सौंपने के सख्त निर्देश दिए, ताकि आम जनता को सरकारी योजनाओं और न्याय का लाभ त्वरित मिल सके।
साहिबगंज: उपायुक्त कार्यालय प्रकोष्ठ में आयोजित जनता दरबार में अपर समाहर्ता गौतम भगत ने जिले के शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों के नागरिकों से व्यक्तिगत रूप से मुलाकात की और उनकी समस्याएं सुनीं। इस दौरान उन्होंने उपस्थित सभी नागरिकों से एक-एक कर उनकी समस्याएं सुनी और आश्वस्त किया कि संज्ञान में आने वाली प्रत्येक शिकायत की पूरी तरह जांच कराते हुए जल्द से जल्द उनका समाधान किया जाएगा।
अपर समाहर्ता गौतम भगत ने संबंधित विभाग के पदाधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी आवेदनों की भौतिक जांच कराते हुए उनका समाधान यथाशीघ्र सुनिश्चित करें। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि विभागीय अधिकारी त्वरित कार्रवाई करते हुए प्रत्येक शिकायत का प्रतिपुष्टि उपायुक्त कार्यालय को समर्पित करें, ताकि शिकायतों के निष्पादन में कोई बाधा न आए और जिलेवासियों को शीघ्र लाभ मिल सके।

