Bokaro News: आईईएल थाना के एसआई पर बेरहमी का आरोप, किताब व्यवसायी को हाजत में डंडों से पीटा
मामले की उच्चस्तरीय जांच की उठी मांग
गोमिया के आईईएल थाने में तैनात सब-इंस्पेक्टर अभिषेक किशोर पर एक किताब व्यवसायी गौतम कुमार के साथ बेरहमी से मारपीट करने का आरोप लगा है। पीड़ित के अनुसार, उधारी मांगने के दौरान हुई मामूली नोंकझोंक के बाद एसआई ने उसे हाजत में ले जाकर डंडों से पीटा और उसके दोस्त दुर्गा प्रसाद को भी घायल कर दिया। न्याय के लिए पीड़ित ने बोकारो एसपी से लिखित शिकायत कर दोषी पुलिसकर्मी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
गोमिया: आईईएल थाने में तैनात सब-इंस्पेक्टर अभिषेक किशोर द्वारा आईईएल शिव मंदिर निवासी युवक सह किताब व्यवसाई गौतम कुमार की बेरहमी से मारपीट मामले में पीड़ित युवक ने सोमवार को बोकारो एसपी से शिकायत की है और आरोपी पुलिसकर्मी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। बता दें कि पीड़ित युवक किसी ग्राहक से किताब के उधार पैसे मांगने को लेकर पिट्स मॉडर्न स्कूल गया था।
इस दौरान ग्राहक और उसके साथ थोड़ी नोंकझोंक भी हुई, लेकिन बाद में पैसे वापस करने पर मामला समाप्त भी हो गया था। युवक का आरोप था कि वहां से गुजर रहे आईईएल थाना के दिवा गश्तीदल में मौजूद एसआई अभिषेक किशोर ने बिना किसी ठोस कारण के उसके साथ अभद्र व्यवहार शुरू कर दिया। जब युवक ने इसका विरोध किया, तो आक्रोशित एसआई ने उसे थाने के हाजत में ले जाकर डंडों से बुरी तरह पीटा, जिससे उसके पीठ, पैर, माथे और सिर में गंभीर चोटें आई है। इतना ही नहीं थाने में मिलने आए उसके एक दोस्त दुर्गा प्रसाद को भी एसआई ने बुरी तरह से पिट दिया, बताया की बचाव के दौरान उसके दोनों हाथों की अंगुलियों वें उपर होठ में चोट लगी थी।
