Bokaro News: केएम मेमोरियल अस्पताल में नवजात की मौत, परिजनों ने लगाया गंभीर आरोप
नर्सिंग स्टाफ की समय पर सूचना न देने की शिकायत
बोकारो के चास स्थित केएम मेमोरियल अस्पताल में एक नवजात बच्चे की मौत के बाद परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। परिजनों का दावा है कि बच्चा पूरी तरह स्वस्थ था, लेकिन मंगलवार सुबह नर्सिंग स्टाफ द्वारा बिना डॉक्टर की मौजूदगी के इंजेक्शन देने के तुरंत बाद उसकी हालत बिगड़ गई और मौत हो गई। घटना के बाद आक्रोशित लोगों ने अस्पताल में नारेबाजी की और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है।
बोकारो: चास निवासी मिराज अंसारी के नवजात बच्चे की मौत के बाद अस्पताल प्रबंधन पर गंभीर लापरवाही के आरोप लगे हैं। अंसारी की पत्नी को डिलीवरी के लिए केएम मेमोरियल अस्पताल में 3 अप्रैल को भर्ती कराया गया था। सिजेरियन ऑपरेशन के जरिए बच्चे का जन्म हुआ, जिसे परिजन पूरी तरह स्वस्थ बता रहे हैं। परिजनों के अनुसार, जन्म के बाद बच्चे की स्थिति सामान्य थी और उसे मां के साथ ही वार्ड में रखा गया था। सोमवार देर रात बच्चे के हल्के अस्वस्थ होने पर नर्स को सूचना दी गई, जिसके बाद डॉक्टर की ओर से दवा और इंजेक्शन लिखे गए।
आरोप है कि बिना पर्याप्त निगरानी के बच्चे को इंजेक्शन दिया गया। मंगलवार सुबह जब बच्चा सो रहा था, उसी दौरान नर्स ने दोबारा इंजेक्शन लगा दिया। परिजनों का कहना है कि इंजेक्शन लगते ही बच्चे की हालत अचानक बिगड़ गई। इसके बाद आनन-फानन में बच्चे को एनआईसीयू में ले जाया गया, जहां कुछ ही देर में डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन पर कई गंभीर आरोप लगाए हैं।

