दुमका के लड़के से रांची की लड़की को रांग नंबर डायल होने पर हुआ प्यार, शादी की जिद पर ऐसी अड़ी कि सब परेशान

दुमका : कहते हैं प्यार उम्र नहीं देखता, मजहब और सीमाएं नहीं देखता और न रंग-रूप देखता है। वह तो बस दो दिलों का जुड़ाव होता है। मोबाइल और इंटरनेट के युग में आपने मिस्ड काॅल, रांग नंबर प्रेम व सोशल मीडिया प्रेम के कई किस्से सुने-पढे होंगे। लेकिन, झारखंड में ऐसा ही एक दिलचस्प मामला आया है, जिसमें एक वयस्क लड़की नाबलिग लड़के के प्रेम की गिरफ्त में आ गयी और शादी की जिद पर अड़ गयी।

लड़के के प्यार की गिरफ्त में आयी लड़की अपने घर परिवार को छोड़ कर रांची से बस पकड़ कर दुमका पहुंच गयी। दुमका पहुंचने पर उसने अपने प्रेमी को फोन किया तो उसे भरोसा नहीं हुआ, जिसके बाद लड़की ने उसे वीडियो काॅल कर खुद के दुमका में होने की पुष्टि की। इसके बाद लड़क लड़की से मिलने पहुंचा और दोनों दुमका नगर थाने पहुंच गए।
थाने में दोनों ने प्रेम करने व विवाह करने की बात कही। लड़के के परिजन थाने पहुंचे और शाम तक लड़की के घर वाले भी पहुंच गए। लेकिन, शादी में लड़के की उम्र बाधा बन गयी। लड़के की उम्र मात्र 20 साल है, जबकि नियम के अनुसार शादी करने के लिए पुरुष की उम्र 21 साल होनी चाहिए। वहीं, लड़की 22 साल की है। दोनों को पुलिस शनिवार को समझाने की कोशिश करती रही। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि दोनों की सहमति से इस संबंध में फैसला लिया जाएगा।