सामूहिक दुष्कर्म मामले में पुलिस ने चार आरोपित को पकड़ा

रांची: रांची के मांडर में 13 साल की छात्रा के साथ हुई सामूहिक दुष्कर्म मामले में पुलिस ने चार आरोपित को पकड़ा है। मामले में तीन आरोपित फरार है। पुलिस सूत्रों के अनुसार पीड़िता अपने दोस्त के झांसे में आकर घूमने गई थी। इस दौरान लड़की का दोस्त सुनसान जगह ले गए, जहां सात लड़कों ने उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया।

घूमने की बात कहकर लड़की को बाइक पर बैठाकर एक सुनसान जगह ले गया, जहां उस युवक के पहले से छह दोस्त मौजूद थे। अन्य लड़कों को देख लड़की को संदेह हुआ। उसने दोस्त से कहा कि वह उसे घर पहुंचा दे। बातों में फंसाकर दोस्त ने नाबालिग से रिश्ता बनाने की बात कही। नाबालिग ने इसका विरोध किया तो अन्य आरोपियों ने उसे पकड़ लिया और जबरन सभी ने दुष्कर्म किया।
छात्रा के साथ सामूहिक दुष्कर्म के बाद गांव के दोस्त ने उसे उसके सहेली के घर पहुंचा दिया। पूरी रात लड़की डरी सहमी रही और शुक्रवार की सुबह जब अपने घर पहुँची तो घरवाले को अपने साथ हुई घटना की जानकारी दी। लड़की द्वारा घटना की जानकारी देने के बाद परिजन पीड़िता को साथ लेकर थाना पहुंचे और केस दर्ज कराया। इसके बाद पुलिस ने मामले में चार आरोपी को पकड़ा है। अन्य तीन आरोपितों को पकड़ने के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है। पुलिस ने युवती का मेडिकल करा लिया है ।