Lohardaga News : विद्युत कार्य में लापरवाही का आरोप, लोगों ने रोका खंभा लगाने का काम
बिना ढलाई खंभा लगाने पर लोगों ने उठाए सवाल
लोहरदगा के बड़ा तालाब क्षेत्र में बिना ढलाई बिजली खंभा लगाने पर स्थानीय लोगों ने विरोध जताते हुए सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंता व्यक्त की।
लोहरदगा : शहर के बड़ा तालाब क्षेत्र में विद्युतीकरण कार्य के दौरान कथित लापरवाही को लेकर स्थानीय लोगों ने विरोध जताया। लोगों का आरोप है कि विद्युत कंपनी द्वारा ट्रांसफार्मर लगाने के लिए बिजली का खंभा बिना ढलाई किए ही खड़ा कर दिया गया है, जिससे भविष्य में किसी बड़ी घटना की आशंका बनी हुई है।

जानकारी के अनुसार बड़ा तालाब के पास कंपनी द्वारा डीपी लगाकर ट्रांसफार्मर लगाने का कार्य शुरू किया गया है।
स्थानीय लोगों ने बताया कि जहां खंभा लगाया जा रहा है, वहां खंभे की मजबूती के लिए ढलाई नहीं की गई है। इससे खंभा कमजोर हो सकता है और किसी भी समय दुर्घटना हो सकती है।
स्थानीय निवासियों ने बताया कि बड़ा तालाब क्षेत्र में हर वर्ष मूर्ति विसर्जन होता है और यहां मछली पालन भी किया जाता है। ऐसे में यहां लोगों की आवाजाही काफी रहती है। इस कारण बिना ढलाई किए खंभा लगाना खतरे से खाली नहीं है।
लोगों ने विद्युत कंपनी के ठेकेदार से आग्रह किया है कई वर्षों से हरा भरा एक पेड़ है उसे भी बचाते हुए डीपीआर के अनुसार ट्रांसफार्मर लगाने की योजना है, उससे करीब 50 फीट हट कर मछली टिकट घर के पास ट्रांसफार्मर लगाने की मांग कर रहे हैं , ताकि किसी प्रकार की दुर्घटना की आशंका न रहे। मीडिया द्वारा भी मौके पर जाकर देखा गया कि बिजली का खंभा बिना ढलाई के ही खड़ा कर दिया गया है। स्थानीय लोगों ने इसे जांच का विषय बताते हुए इसकी शिकायत सहायक विद्युत अभियंता से भी की है।
इस संबंध में सहायक विद्युत अभियंता ने बताया कि मामले की जानकारी मिली है। जल्द ही स्थल निरीक्षण किया जाएगा और यदि आवश्यक हुआ तो स्थानीय लोगों की सहमति को देखते हुए ट्रांसफार्मर को उचित स्थान पर लगाया जाएगा। इस मौके पर स्थानीय निवासी हसनैन खलीफा, एमडी अमान, और जोहेब हसन मोहम्मद अत्ताउल्लाह समेत दर्जनों शहर वासी मौजूद थे।
