Lohardaga News : शुरू हुआ आस्था का महापर्व, चैती छठ के नहाय-खाय से गूंजा माहौल
खरना, संध्या अर्घ्य और उषा अर्घ्य की तैयारी
लोहरदगा में चैती छठ का शुभारंभ नहाय-खाय के साथ हुआ, जहां व्रतियों ने स्नान कर सूर्य उपासना की और पूरे जिले में भक्ति का माहौल बना।
लोहरदगा : जिले में आस्था और श्रद्धा का महापर्व चैती छठ पूजा नहाय-खाय के साथ विधिवत शुरू हो गया। रविवार को व्रतियों ने प्रातः काल पवित्र नदियों और जलाशयों में स्नान कर भगवान सूर्य की उपासना की और घरों में शुद्ध-सात्विक भोजन बनाकर ग्रहण किया। इसी के साथ चार दिवसीय इस लोकआस्था के पर्व का शुभारंभ हुआ।

छठ पूजा के दूसरे दिन खरना मनाया जाएगा, जिसमें व्रती पूरे दिन निर्जला उपवास रखकर शाम को प्रसाद ग्रहण करेंगे। इसके बाद तीसरे दिन अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य और चौथे दिन उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देकर व्रत का समापन किया जाएगा। पूरे जिले में छठ पूजा को लेकर उत्साह और भक्ति का माहौल बना हुआ है। घर-घर में छठ गीत गूंज रहे हैं और लोग पूरे श्रद्धा भाव से इस महापर्व की तैयारी में जुटे हैं।
