ग्रामीणों का फूटा गुस्सा, नगर पंचायत चुनाव के बहिष्कार का ऐलान
सैकड़ों ग्रामीणों ने जुलूस निकालकर जताया विरोध
सरिया के श्री रामडीह गांव में बुनियादी सुविधाओं की कमी और भारी होल्डिंग टैक्स के विरोध में ग्रामीणों का आक्रोश फूट पड़ा। सैकड़ों ग्रामीणों ने जुलूस निकालकर नगर पंचायत चुनाव का पूर्ण बहिष्कार करने की घोषणा की।
गिरिडीह : रविवार को श्री रामडीह गांव के सैकड़ों ग्रामीणों ने आक्रोश की चिंगारी को जुलूस के रूप में बयां कर दिया। महिलाओं और पुरुषों सहित पूरा गांव सड़कों पर उतर आया और विशाल जुलूस निकालकर सरिया नगर पंचायत के आगामी चुनावों का पूर्ण बहिष्कार करने का ऐलान कर डाला।

गांव से सरिया बाजार स्थित नगर पंचायत मुख्यालय तक केवल 5 किमी की दूरी होने के बावजूद कोई पक्का रास्ता नहीं है। आने-जाने के लिए सुविधाजनक मार्ग न होने से रोजमर्रा की जिंदगी दूभर बनी हुई है।
ग्रामीणों का आरोप है कि गरीब लोगों के मिट्टी के मकानों पर भी हजारों रुपये का होल्डिंग टैक्स थोप दिया गया है, जबकि वे मजदूरी और खेती कर किसी तरह अपना गुजारा करते हैं।
ग्रामीणों का कहना है, “हम कमाने-खाने वाले गरीब लोग हैं, इतना भारी टैक्स कहां से दें?” यही सवाल पूरे गांव में गहरा आक्रोश पैदा कर रहा है।
पूरे गांव में जुलूस निकालकर भ्रमण करने के बाद ग्रामीणों ने एक स्वर में फैसला सुनाया— “जब तक बुनियादी सुविधाएं नहीं मिलेंगी, तब तक एक भी वोट नहीं देंगे।”
यह घटना स्थानीय प्रशासन के लिए एक बड़ी चुनौती बन गई है। अब देखना यह है कि विकास की मुख्यधारा में शामिल होने के लिए श्री रामडीह के ग्रामीणों की पुकार कब तक सुनी जाती है।
Mohit Sinha is a writer associated with Samridh Jharkhand. He regularly covers sports, crime, and social issues, with a focus on player statements, local incidents, and public interest stories. His writing reflects clarity, accuracy, and responsible journalism.
