Koderma News : ध्वजाधारी धाम में भक्तिमय माहौल, हर-हर महादेव के जयकारे
सुबह से ही शिवालयों में श्रद्धालुओं की लगी लंबी कतार
महाशिवरात्रि के अवसर पर कोडरमा जिले के ध्वजाधारी धाम समेत विभिन्न शिवालयों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। विधिवत पूजा-अर्चना और मेले के आयोजन के साथ पूरे क्षेत्र में भक्तिमय माहौल बना रहा।
कोडरमा : जिले के सुप्रसिद्ध ध्वजाधारी धाम सहित जिले भर के विभिन्न शिवालयों में महाशिवरात्रि के अवसर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। सुबह से ही ध्वजाधारी धाम और मंदिरों में श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। श्रद्धालुओं ने शिवलिंग पर जल, बेलपत्र, फूल और नारियल अर्पित कर भगवान भोलेनाथ से सुख, शांति और समृद्धि की कामना की। इस दौरान पूरे क्षेत्र में भक्तिमय माहौल बना रहा और हर-हर महादेव के जयकारों से वातावरण गुंजायमान होता रहा।

दो दिवसीय मेले का हुआ विधिवत उद्घाटन
ध्वजाधारी धाम में आयोजित दो दिवसीय शिवरात्रि मेला महोत्सव का उद्घाटन महामंडलेश्वर सुखदेव दास जी महाराज ने नारियल फोड़कर और फीता काटकर किया। इस मौके पर विधायक डॉ. नीरा यादव, जिला परिषद अध्यक्ष रामधन यादव समेत कई जनप्रतिनिधि, पदाधिकारी और बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे। उद्घाटन के बाद सुखदेव दास जी महाराज ने कहा कि ध्वजाधारी धाम में भक्तों की विशेष आस्था जुड़ी हुई है और यहां सच्चे मन से पूजा करने वाले श्रद्धालुओं की सभी मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं।
श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए पुख्ता इंतजाम
महाशिवरात्रि मेले को लेकर जिला प्रशासन द्वारा सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। उपायुक्त ऋतुराज और पुलिस अधीक्षक अनुदीप सिंह ने ध्वजाधारी धाम पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। एसडीओ, एसडीपीओ और डीएसपी के नेतृत्व में प्रशासन और पुलिस की टीम सुबह से ही मेले में तैनात रही। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए हेल्प डेस्क की भी व्यवस्था की गई है, ताकि किसी भी प्रकार की समस्या का तुरंत समाधान किया जा सके। मौके पर सैकड़ों शिवभक्त मौजूद थे । महाशिवरात्रि के अवसर पर पूरे क्षेत्र में आस्था, भक्ति और उत्साह का अद्भुत संगम देखने को मिला।
