Sahebganj News : पूर्वी और पश्चिमी फाटक इलाके में सफाई व्यवस्था ध्वस्त, बढ़ा बीमारी का खतरा
कई दिनों से नहीं हो रही नियमित साफ-सफाई
साहिबगंज के जिरवाबाड़ी पूर्वी और पश्चिमी फाटक सड़क क्षेत्र में गंदगी, कचरे के ढेर और जाम नालियों से लोगों की परेशानी बढ़ गई है। स्थानीय नागरिकों ने नगर परिषद से तत्काल विशेष सफाई अभियान चलाने और जिम्मेदार कर्मियों की जवाबदेही तय करने की मांग की है।
साहिबगंज : शहर के जिरवाबाड़ी पूर्वी फाटक और पश्चिमी फाटक सड़क क्षेत्र में इन दिनों गंदगी का अंबार लगा हुआ है। सड़कों के किनारे कचरे के ढेर, जाम नालियाँ और उठती दुर्गंध से स्थानीय लोगों की जिंदगी मुश्किल हो गई है। हालात इतने बदतर हैं कि राहगीरों को नाक पर रुमाल रखकर गुजरना पड़ रहा है। स्थानीय निवासियों का आरोप है कि कई दिनों से नियमित साफ-सफाई नहीं की जा रही है। कचरा उठाव वाहन समय पर नहीं पहुंच रहे, जिसके कारण घरों और दुकानों से निकलने वाला कूड़ा सड़कों पर ही जमा हो रहा है।

स्थानीय नागरिकों ने नगर परिषद से अविलंब विशेष सफाई अभियान चलाने की मांग की है। साथ ही कचरा उठाव की नियमित व्यवस्था सुनिश्चित करने, नालियों की सफाई कराने और संबंधित कर्मियों की जवाबदेही तय करने की मांग उठाई है।
स्थानीय निवासियों का कहना है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं की गई तो वे आंदोलन के लिए बाध्य होंगे। स्वच्छ और स्वस्थ वातावरण हर नागरिक का अधिकार है, जिसे सुनिश्चित करना नगर परिषद प्रशासन की जिम्मेदारी है। जिरवाबाड़ी, पूर्वी फाटक और पश्चिमी फाटक सड़क पुराना सिनेमा की स्थिति नगर परिषद की कार्यप्रणाली पर गंभीर प्रश्नचिह्न लगाती है। यदि समय रहते समस्या का समाधान नहीं किया गया, तो यह लापरवाही बड़े स्वास्थ्य संकट का कारण बन सकती है। अब देखना यह है कि नगर परिषद इस मुद्दे को कितनी गंभीरता से लेती है और कब तक क्षेत्रवासियों को इस नारकीय स्थिति से राहत मिलती है।
जनप्रतिनिधियों की चुप्पी पर भी सवाल
क्षेत्र के निवासियों ने यह भी कहा कि जनप्रतिनिधियों को समय-समय पर अपने वार्डों का निरीक्षण करना चाहिए। लेकिन गंदगी की इस गंभीर समस्या के बावजूद किसी ने अब तक ठोस पहल नहीं की। लोगों का कहना है कि चुनाव के समय वादे तो बड़े-बड़े किए जाते हैं, लेकिन बुनियादी सुविधाओं की अनदेखी आम बात बन गई है। स्वच्छता जैसे मूलभूत विषय पर लापरवाही समझ से परे है।
नगर परिषद की कार्यशैली पर सवाल
स्थानीय लोगों का कहना है कि शहर की सफाई व्यवस्था की जिम्मेदारी नगर परिषद की है, लेकिन विभाग की लापरवाही साफ दिखाई दे रही है। नियमित मॉनिटरिंग का अभाव और सफाई कर्मियों की अनियमितता के कारण यह स्थिति उत्पन्न हुए है। लोगों ने मांग की है कि संबंधित अधिकारियों से स्पष्टीकरण मांगा जाए कि आखिर नियमित सफाई क्यों नहीं हो रही। यदि नगर परिषद अपने दायित्वों का निर्वहन नहीं कर पा रही है, तो जवाबदेही तय की जानी चाहिए।
Susmita Rani is a journalist and content writer associated with Samridh Jharkhand. She regularly writes and reports on grassroots news from Jharkhand, covering social issues, agriculture, administration, public concerns, and daily horoscopes. Her writing focuses on factual accuracy, clarity, and public interest.
