दुबई में झारखंड के मजदूर की मौत, परिवार ने लगाया मारपीट का आरोप
प्रवासी मजदूरों की सुरक्षा पर उठे सवाल
बोकारो के चतरोचट्टी थाना क्षेत्र के निवासी मनोज महतो की दुबई में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। परिवार ने आरोप लगाया है कि उनके साथ मारपीट और प्रताड़ना की गई, जिससे उनकी जान चली गई। 8 मार्च को रोजगार के लिए दुबई गए मनोज महतो एक प्राइवेट कंपनी में कार्यरत थे।
बोकारो: विदेश में प्रवासी मजदूरों की मौत का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। ताजा मामला झारखंड के बोकारो जिले के चतरोचट्टी थाना क्षेत्र अंतर्गत बड़कीसीधावारा पंचायत का है, जहां के निवासी मनोज महतो की दुबई में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई।
मृतक की पत्नी कौशल्या देवी ने आरोप लगाया है कि उनके पति के साथ वहां मारपीट की गई, जिसके कारण शुक्रवार को उनकी जान चली गई।

आरोप है कि मारपीट के दौरान उन्हें गंभीर चोटें आईं, जिससे उनकी मौत हो गई। मनोज महतो सैम बिल्डिंग कंक्रीटिंग प्राइवेट कंपनी में कार्यरत थे।
घटना की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। इस घटना को लेकर स्थानीय लोगों में भी आक्रोश है।
प्रवासी हित में कार्य करने वाले सामाजिक कार्यकर्ता सिकन्दर अली ने संवेदना प्रकट करते हुए कहा कि प्रवासी मजदूरों की मौत का यह कोई नया मामला नहीं है।
गोमिया, बिशनगढ़, डुमरी और बगोदर प्रखंड सहित आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग रोजगार की तलाश में विदेश जाते हैं, जहां कई बार उन्हें शोषण और असुरक्षित परिस्थितियों का सामना करना पड़ता है।
उन्होंने सरकार से स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ाने की मांग की, ताकि मजबूरी में हो रहे पलायन को रोका जा सके।
Related Posts
Thank you for voting! Results will be shown after the poll ends.
Thank you for voting! Results will be shown after the poll ends.
