Sahebganj News : संसद में गूंजा संथाल परगना का मुद्दा, सांसद विजय हांसदा ने रेलवे पर रखी विस्तृत मांगें
रेल हादसों और मैनपावर की कमी पर जताई चिंता
राजमहल सांसद विजय हांसदा ने लोकसभा में संथाल परगना और झारखंड के रेलवे विकास, सुरक्षा और नई परियोजनाओं को लेकर कई महत्वपूर्ण मांगें उठाईं।
साहिबगंज : लोकसभा में रेलवे के “Demands for Grants 2026–27” पर चर्चा के दौरान राजमहल सांसद विजय हांसदा ने साहिबगंज सहित संथाल परगना और झारखंड के रेलवे विकास को लेकर विस्तार से अपनी बात रखी। उन्होंने क्षेत्र में बढ़ते रेल हादसों, मैनपावर की कमी और अधूरी परियोजनाओं को लेकर सरकार का ध्यान आकर्षित किया। सांसद ने कहा कि लगातार हो रहे रेल हादसों के पीछे मैनपावर की कमी एक बड़ा कारण है।

उन्होंने कहा कि झारखंड से भारी मात्रा में कोयला और मिनरल्स की ढुलाई होती है।
इसीलिए एमजीआर लाइनों को डबल करने की आवश्यकता है। उन्होंने PPP मोड पर नई रेल लाइनों को जल्द शुरू करने की जरूरत पर बल दिया। साथ ही पाकुड़–दुमका रेल लाइन पर जल्द काम शुरू करने की मांग भी की। सांसद ने बरहरवा–पाकुड़–तीनपहाड़–साहिबगंज और मिर्जाचौकी में ROB/अंडरपास निर्माण की मांग की। उन्होंने पुराने रेलवे साइडिंग्स को नए लीजधारकों के नाम पर ट्रांसफर करने की मांग भी की, ताकि 24 घंटे लोडिंग संभव हो सके।
सांसद विजय कुमार हांसदा ने मालदा टाउन इंटरसिटी एक्सप्रेस का ठहराव तालझारी स्टेशन में, शताब्दी एक्सप्रेस, गुवाहाटी–सिकंदराबाद एक्सप्रेस, गुवाहाटी–बेंगलुरु एक्सप्रेस, हावड़ा–NJP वंदे भारत एक्सप्रेस, हावड़ा–गुवाहाटी सरायघाट एक्सप्रेस और डिब्रूगढ़–कन्याकुमारी एक्सप्रेस का ठहराव पाकुड़ स्टेशन में करने की मांग की। साथ ही मुजफ्फरपुर–भागलपुर ट्रेन का विस्तार साहिबगंज तक करने, रांची–कामाख्या एक्सप्रेस को प्रतिदिन चलाने की मांग भी की। उन्होंने कोविड के दौरान बंद लोकल/पैसेंजर ट्रेनों को फिर से शुरू करने की मांग की।
सांसद विजय हांसदा ने कहा कि ये सभी मांगें सीधे तौर पर आम जनता, मजदूर, किसान और व्यापारियों से जुड़ी हैं, और इन्हें पूरा करने से साहिबगंज सहित संथाल परगना में विकास को नई गति मिलेगी। उन्होंने कहा कि सदन में इस बार सिर्फ बड़ी परियोजनाओं ही नहीं, बल्कि रेल सुरक्षा, रोजगार, स्थानीय सुविधाएं और आम यात्रियों की परेशानियों को भी मजबूती से उठाया गया।
