Sahebganj News: राजमहल में शांति और सौहार्द की पहल, शांति समिति की बड़ी बैठक संपन्न
जनप्रतिनिधियों और बुद्धिजीवियों का मिला पूर्ण समर्थन
आगामी ईद और रामनवमी के मद्देनजर राजमहल प्रशासन ने शांति समिति की बैठक कर सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की। एसडीओ सदानंद महतो और एसडीपीओ विमलेश कुमार त्रिपाठी ने असामाजिक तत्वों और अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी। बैठक में सभी समुदायों ने पर्वों को आपसी भाईचारे और सौहार्द के साथ मनाने का संकल्प लिया।
साहिबगंज: आगामी ईद एवं रामनवमी जैसे महत्वपूर्ण और संवेदनशील पर्वों को लेकर राजमहल प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है। इसी कड़ी में गुरुवार को राजमहल में अनुमंडल प्रशासन और पुलिस विभाग की संयुक्त पहल पर एक वृहद शांति समिति बैठक का आयोजन किया गया, जिसमें क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों, बुद्धिजीवियों और विभिन्न समुदायों के लोगों की व्यापक भागीदारी देखने को मिली। बैठक की अध्यक्षता अनुमंडल पदाधिकारी सदानंद महतो एवं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी विमलेश कुमार त्रिपाठी ने संयुक्त रूप से की। इस दौरान राजमहल थाना प्रभारी हसनैन अंसारी सहित सभी पुलिस पदाधिकारी भी मौजूद रहे। बैठक का मुख्य उद्देश्य क्षेत्र में शांति, कानून-व्यवस्था और आपसी भाईचारे को मजबूत बनाते हुए पर्वों को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराना था।

वहीं, अंचलाधिकारी सह प्रखंड विकास अधिकारी मोहम्मद यूसुफ ने बैठक में उपस्थित लोगों से खास अपील करते हुए कहा कि सोशल मीडिया के इस दौर में अफवाहें तेजी से फैलती हैं, जिससे माहौल बिगड़ सकता है। उन्होंने लोगों से आग्रह किया कि किसी भी अपुष्ट खबर को न फैलाएं और अगर कोई संदिग्ध जानकारी मिले तो तुरंत पुलिस को सूचित करें।
बैठक में मौजूद जनप्रतिनिधियों और समाज के प्रबुद्ध लोगों ने प्रशासन को पूर्ण सहयोग देने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि सभी समुदायों के लोग आपसी भाईचारे और सद्भाव के साथ त्यौहार मनाएंगे और किसी भी स्थिति में क्षेत्र की शांति भंग नहीं होने देंगे। बैठक के अंत में सभी उपस्थित लोगों ने एक स्वर में यह संकल्प लिया कि राजमहल में हर त्यौहार शांति, सद्भाव और आपसी सम्मान के साथ मनाया जाएगा। प्रशासन और आम जनता के बीच इस समन्वय को क्षेत्र की सबसे बड़ी ताकत बताया गया। मौके पर राजमहल थाना प्रभारी हसनैन अंसारी, एलआरडीसी विमल सोरेन, उड़वा प्रखंड विकास पदाधिकारी जयंत तिवारी व अन्य प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे। कुल मिलाकर, राजमहल में आयोजित यह शांति समिति की बैठक न सिर्फ प्रशासन की सक्रियता को दर्शाती है, बल्कि यह भी साबित करती है कि क्षेत्र के लोग एकजुट होकर हर परिस्थिति में शांति और सौहार्द बनाए रखने के लिए प्रतिबद्ध है।
Related Posts
आज का AQI
PM2.5 -- µg/m³
Loading...Ranchi, Jharkhand
Last updated: Just now
