झारखंड कैबिनेट में 27 प्रस्तावों पर मुहर, SSC की नयी नियुक्ति नियमावली को मंजूरी, मानसून सत्र पर भी फैसला

रांची : झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की अध्यक्षता में गुरुवार को हुई कैबिनेट की बैठक में कुल 27 प्रस्तावों पर मुहर लगायी गयी। इसमें एसएससी नियुक्ति निमयावली, विधानसभा के मानसून सत्र सहित कई अन्य बिंदुओं पर फैसले लिए गए।

कार्मिक राजभाषा सुधार विभाग के एक प्रस्ताव को कैबिनेट ने मंजूरी दी है, जिसके तहत टाइपिंग की गति व कंप्यूटर कार्य दक्षता का परीक्षण 30 शब्द प्रति मिनट की दर से 300 शब्द 10 मिनट में करना होता था, अब इसके लिए 25 शब्द प्रति मिनट की दर से 10 मिनट में 250 शब्द टंकित करना होगा। पहले इसमें डेढ प्रतिशत की गलतियां की अनुमति थी अब यह अधिकतम दो प्रतिशत कर दी गयी हैं।
कैबिनेट ने जेपीएएसी में तीन सदस्यों की नियुक्ति को मंजूरी दी है। इसमें गोस्सनर कॉलेज की एनिमा हांसदा, अजिता भट्टाचार्य और विनोबा भावे विश्वविद्यालय हजारीबाग में उर्दू विभाग के विभागाध्यक्ष जमाल अहमद का नाम शामिल है।
इसके साथ ही पोस्को एक्ट के तहत चल रहे 22 फास्ट ट्रैक कोर्ट को अगले दो वर्ष के लिए सेवा विस्तार दिया गया है। झारखंड विधानसभा का मानसून सत्र तीन से नौ सितंबर तक संचालित करने के प्रस्ताव को भी मंजूरी दी गयी है।