KODERMA NEWS: श्री श्याम मंदिर में भजन संध्या का आयोजन, सैकड़ों भक्त हुए शामिल
हारे का सहारा बाबा श्याम हमारा के जयकारों से गूंज उठा श्याम मंदिर
भक्तगण रातभर बाबा श्याम की भक्ति में लीन रहे। मंगलवार को मंगला आरती के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ, जिसमें सैकड़ों श्रद्धालुओं ने भाग लिया।
कोडरमा: शहर के अड्डी बंगला श्री श्याम बाबा पथ स्थित श्री श्याम मंदिर एवं पानी टंकी रोड स्थित श्री श्याम मंदिर में दो दिवसीय श्री श्याम फाल्गुन महोत्सव का आयोजन हुआ। मंगलवार को बारस की ज्योत प्रज्वलित की गई। ढाक की गूंज और भक्ति के रंगों के बीच श्रद्धालुओं ने अबीर-गुलाल से होली खेली। सुबह से ही सैकड़ों भक्त सांवरे सरकार की हाजिरी लगाने मंदिर पहुंचे।अड्डी बंगला स्थित श्री श्याम मंदिर में भजन संध्या का भव्य आयोजन हुआ। कार्यक्रम में प्रसिद्ध भजन गायक कुणाल बटवाल, प्रेम सोनी, महेश पोद्दार, कैलाश पोद्दार, राजश्री पोद्दार, रवि दाहिमा, राकेश राजपूत, यश दाहिमा, हार्दिक लड्डा सहित अन्य गायकों ने अपनी मधुर प्रस्तुतियों से भक्तों को भक्ति रस में डुबो दिया।
मोर छड़ी लहराई रे…, श्याम का रंग चढ़ गया......कर ले भरोसा बाबा दौड़ा-दौड़ा आएगा…...हमारा काम होगा, तुम्हारा नाम होगा….. जैसे भजनों ने श्रद्धालुओं को झूमने पर मजबूर कर दिया। पूरा मंदिर परिसर भक्ति की गूंज से गुंजायमान हो उठा।श्री श्याम फाल्गुन महोत्सव के समापन पर मंदिर प्रांगण में फूलों की होली, इत्र वर्षा और महाआरती का आयोजन किया गया। भक्तों ने बाबा श्याम के अलौकिक श्रृंगार के दर्शन किए और उनकी महाआरती में शामिल होकर दिव्य अनुभूति प्राप्त की।महोत्सव के दौरान महाभंडारा भी आयोजित हुआ, जिसमें सैकड़ों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।

दो दिवसीय इस आयोजन के दौरान बाबा श्याम का अलौकिक श्रृंगार किया गया, जिससे पूरा क्षेत्र हारे का सहारा बाबा श्याम हमारा के जयकारों से गूंज उठा। भक्ति, श्रद्धा और प्रेम के इस महोत्सव में शामिल होकर श्रद्धालु धन्य हो गए।
Kumar Ramesham is associated with Samridh Jharkhand and actively covers local news, public issues, social developments, and important updates from Jharkhand and nearby regions. He focuses on delivering timely, factual, and community-centered reporting with an emphasis on accuracy and reliability.
