Koderma News : प्राचार्य गुरु चरण वर्मा को अमेरिका की ग्लोबल यूनिवर्सिटी ने 'मानद डॉक्टरेट' से नवाजा
मॉडर्न पब्लिक स्कूल परिवार में हर्ष का माहौल, शिक्षकों ने प्राचार्य को दी बधाई
कोडरमा के मॉडर्न पब्लिक स्कूल के प्राचार्य गुरु चरण वर्मा को अमेरिका स्थित ग्लोबल यूनिवर्सिटी ऑफ बोस्टन द्वारा 'ऑर्गनाइजेशनल लीडरशिप' में मानद डॉक्टरेट से सम्मानित किया गया। यह सम्मान उनके शिक्षा क्षेत्र में समर्पण, नवाचार और कुशल नेतृत्व के लिए प्रदान किया गया।
कोडरमा : शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान और कुशल नेतृत्व की मिसाल पेश करने वाले मॉडर्न पब्लिक स्कूल, कोडरमा के प्राचार्य गुरु चरण वर्मा के नाम एक बड़ी उपलब्धि जुड़ी है। उन्हें अमेरिका स्थित प्रतिष्ठित ग्लोबल यूनिवर्सिटी ऑफ बोस्टन (USA) द्वारा 'ऑर्गनाइजेशनल लीडरशिप' (संगठनात्मक नेतृत्व) में डॉक्टरेट की मानद उपाधि (Honorary Doctorate) से नवाजा गया है। यह सम्मान उन्हें शिक्षा जगत में उनके दीर्घकालिक समर्पण, नवाचार और संस्थान को नई ऊंचाइयों पर ले जाने के लिए प्रदान किया गया है।

इस विशेष अवसर पर विद्यालय की निदेशिका संगीता शर्मा ने प्राचार्य गुरु चरण वर्मा को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ दीं। उन्होंने अपने संबोधन में कहा, "मॉडर्न पब्लिक स्कूल ने पिछले 36 वर्षों में सफलता के जो भी आयाम स्थापित किए हैं, वर्मा के कुशल मार्गदर्शन में वे अब और भी विस्तृत होंगे। हमें गर्व है कि उनके नेतृत्व में विद्यालय न केवल शिक्षा, बल्कि खेलकूद, अनुशासन और अन्य सांस्कृतिक क्षेत्रों में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन करना जारी रखेगा।" यह मानद उपाधि न केवल वर्मा के व्यक्तिगत व्यक्तित्व का सम्मान है, बल्कि यह कोडरमा जिले के शिक्षा जगत के लिए भी एक गर्व का विषय है।
