Koderma News: हाथियों का तांडव: दो लोगों को कुचलकर मारा, एक घायल
रिहायशी इलाकों में दहशत का माहौल, वन विभाग की तैयारियों पर उठे गंभीर सवाल
कोडरमा जिला मुख्यालय और आसपास के शहरी इलाकों में हाथियों के आतंक से दो लोगों की मौत हो गई है। बुधवार की रात एक हाथी ने मरियमपुर बिरहोर टोला में मुनिया बिरहोरिन (55) और बोनाकाली के पास बालेश्वर सोरेन (40) को कुचलकर मार डाला। इस हमले में एक अन्य महिला घायल है और हाथी ने फॉरेस्ट गेस्ट हाउस की दीवार भी तोड़ दी है। ग्रामीणों ने वन विभाग पर संसाधनों की कमी और लापरवाही का आरोप लगाया है, जबकि हाथियों का झुंड अब भी पास के जंगलों में मौजूद है।
कोडरमा: जिले में हाथियों का एक बार फिर आतंक बढ़ने लगा है। इस बार हाथियों की धमक शहरी इलाके में जिला मुख्यालय कोडरमा तक पहुंच गई है। बुधवार की देर रात हाथी ने एक महिला और एक पुरुष को कुचल कर मार डाला है। मिली जानकारी के मुताबिक बुधवार रात एक हाथी मरियमपुर के पास देखा गया, जिसके बाद हाथी मारियमपुर के बिरहोर टोला में घुस आया। उसने एक बिरहोर महिला को कुचल कर मार दिया। मृतका की पहचान मुनिया बिरहोरिन (55) के रूप में की गई है।

इधर कोडरमा नगर पंचायत क्षेत्र के बोनाकाली और मरियमपुर में हाथी के दस्तक देने से लोग दहशत में है। घटना की सूचना मिलने के बाद वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची, लेकिन हाथियों को ज्यादा दूर खदेड़ने में नाकाम रही है। स्थानीय लोगों के मुताबिक कुल तीन हाथी क्षेत्र में भ्रमणशील हैं, जिसमें अभी भी एक हाथी मरियमपुर से सटे जंगल में छिपा हुआ है।
वहीं दूसरी तरफ हाथियों के एक झुंड के बागीटांड से सटे कोडरमा घाटी के जंगल में देखे जाने की सूचना है। स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि वन विभाग की टीम के पास हाथियों को खदेड़ने के लिए कोई पर्याप्त इंतजाम भी नहीं है। सूचना मिलने के बाद टीम पहुंची जरूर, लेकिन एक टॉर्च के सहारे हाथियों को खदेड़ने का प्रयास किया जाता रहा जो नाकाफी साबित हुआ है। हाथी अभी भी पास के जंगल में छिपे हैं और कभी भी आतंक मचा सकते हैं।
Related Posts
आज का AQI
PM2.5 -- µg/m³
Loading...Ranchi, Jharkhand
Last updated: Just now
