Hazaribagh News: विधायक प्रदीप प्रसाद ने विधानसभा में उठाया बिजली संकट
रामनवमी और ईद पर निर्बाध बिजली की मांग
हजारीबाग विधायक प्रदीप प्रसाद ने आगामी त्योहारों (रामनवमी, ईद और सरहुल) के दौरान हो रही बिजली कटौती पर गहरा रोष व्यक्त किया है। उन्होंने सरकार से सवाल किया कि आखिर हर वर्ष त्योहारों के समय ही आपूर्ति क्यों बाधित होती है। विधायक ने मांग की कि हजारीबाग में निर्बाध बिजली सुनिश्चित की जाए ताकि आम जनता और व्यापारियों को परेशानी न हो। उन्होंने चेतावनी दी कि वे जनता के अधिकारों के लिए सदन में आवाज उठाते रहेंगे।
हजारीबाग: विधायक प्रदीप प्रसाद ने कहा कि पर्व-त्योहारों का समय लोगों के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण और आस्था से जुड़ा होता है, लेकिन ऐसे समय में लगातार हो रही बिजली कटौती से आम जनता को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि इससे न केवल त्योहारों की रौनक प्रभावित हो रही है, बल्कि व्यापारियों, छोटे दुकानदारों एवं आम नागरिकों पर भी इसका नकारात्मक प्रभाव पड़ रहा है।

प्रदीप प्रसाद ने सरकार से मांग की कि:
• हजारीबाग में निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जाए,
• पर्व-त्योहारों के दौरान विशेष व्यवस्था कर बिजली कटौती पर तत्काल रोक लगाई जाए,
• विद्युत व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए दीर्घकालिक योजना बनाई जाए।
उन्होंने कहा कि सरकार को जनभावनाओं का सम्मान करते हुए इस गंभीर समस्या का त्वरित समाधान करना चाहिए, ताकि आम नागरिक बिना किसी बाधा के अपने पर्व-त्योहार हर्षोल्लास के साथ मना सकें। अंत में विधायक प्रदीप प्रसाद ने स्पष्ट किया कि वे हजारीबाग की जनता की समस्याओं को लेकर सदन में लगातार आवाज उठाते रहेंगे और उनके अधिकारों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध हैं।
