किराना दुकानदार की बेटी बनी UPSC अफसर, कोडरमा स्टेशन पर हुआ भव्य स्वागत
साधारण परिवार से निकलकर हासिल की बड़ी सफलता
संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) परीक्षा में सफलता हासिल कर कोडरमा जिले का नाम रोशन करने वाली श्रुति मोदी का कोडरमा रेलवे जंक्शन पर जोरदार स्वागत किया गया। स्थानीय लोगों, युवाओं और शुभचिंतकों ने फूल-मालाओं के साथ उनका अभिनंदन किया।
कोडरमा : संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) परीक्षा में सफलता हासिल कर जिले का नाम रोशन करने वाली श्रुति मोदी के कोडरमा पहुंचने पर कोडरमा रेलवे जंक्शन पर लोगों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। जैसे ही श्रुति मोदी ट्रेन से स्टेशन पहुंचीं, वहां मौजूद स्थानीय लोगों, शुभचिंतकों और युवाओं ने फूल-मालाओं के साथ उनका अभिनंदन किया। स्टेशन परिसर तालियों और जयकारों से गूंज उठा और लोगों ने उन्हें बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

इसके बाद झुमरी तिलैया स्थित उनके ननिहाल में एक विशेष अभिनंदन कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर झारखंड प्रदेश बरनवाल वैश्य महासभा महिला समिति की प्रदेश अध्यक्षा सुषमा सुमन ने श्रुति मोदी से मुलाकात कर उन्हें शाल ओढ़ाकर सम्मानित किया और उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।
जानकारी के अनुसार श्रुति मोदी मूल रूप से चलकुशा प्रखंड के जमसोती गांव की रहने वाली हैं। दिल्ली से कोडरमा पहुंचने पर गांधी स्कूल रोड स्थित उनके ननिहाल में खुशी और उत्साह का माहौल देखने को मिला।
इस मौके पर सुषमा सुमन ने कहा कि श्रुति मोदी की सफलता पूरे समाज के लिए गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि श्रुति की उपलब्धि समाज के अन्य बेटा-बेटियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगी। वहीं श्रुति मोदी ने सम्मान के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि समाज का प्रेम और मार्गदर्शन उन्हें आगे भी प्रेरित करता रहेगा।
कार्यक्रम के दौरान श्रुति मोदी के माता-पिता सीताराम मोदी और सुषमा मोदी को भी सम्मानित किया गया। इस अवसर पर उनके नानाजी गोपी कृष्ण मोदी, नानी गीता देवी सहित फूल कुमारी, शिवानी, कृष्णा, जितेंद्र कृष्णा और परिवार के अन्य सदस्य मौजूद रहे।
स्थानीय लोगों का कहना है कि साधारण परिवार से निकलकर यूपीएससी जैसी प्रतिष्ठित परीक्षा में सफलता हासिल करना पूरे जिले के युवाओं के लिए प्रेरणादायक है।
Mohit Sinha is a writer associated with Samridh Jharkhand. He regularly covers sports, crime, and social issues, with a focus on player statements, local incidents, and public interest stories. His writing reflects clarity, accuracy, and responsible journalism.
