Dumka News: रामनवमी पर्व को लेकर जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक आयोजित
डीजे और झंडों के लिए सरकारी नियमों का पालन अनिवार्य
रामनवमी पर्व के शांतिपूर्ण आयोजन को लेकर उपायुक्त अभिजीत सिन्हा और एसपी पीताम्बर सिंह खेरवार ने इंडोर स्टेडियम में जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक की। बैठक में स्पष्ट किया गया कि 27 और 28 मार्च को निकलने वाले जुलूसों की निगरानी ड्रोन कैमरों से की जाएगी। डीजे और झंडों के आकार पर सरकारी नियमों का पालन अनिवार्य होगा। प्रशासन ने अफवाहों से बचने के लिए सोशल मीडिया पर विशेष सेल गठित किया है। बिजली, स्वास्थ्य और नगर परिषद को अपनी तैयारियाँ 24 घंटे के भीतर पूरी करने का निर्देश दिया गया है।
दुमका: रामनवमी पर्व के शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण आयोजन को सुनिश्चित करने हेतु इंडोर स्टेडियम में मंगलवार को उपायुक्त अभिजीत सिन्हा की अध्यक्षता में जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन, विभिन्न विभागों के पदाधिकारी, अखाड़ा समिति के प्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।बैठक में जानकारी दी गई कि जिले के सभी थानों में शांति समिति की बैठकें संपन्न कर ली गई हैं जिसमें जिला स्तर से प्राप्त निर्देशों के अनुपालन हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिया गया हैं। प्रशासन द्वारा विधि-व्यवस्था संधारण एवं पर्व के सफल आयोजन के लिए व्यापक तैयारियां की गई हैं।

जुलूस मार्गों का पूर्व सत्यापन करते हुए निर्धारित मार्ग पर ही जुलूस निकालने का निर्देश दिया गया।बैठक में विभिन्न विभागों को भी आवश्यक निर्देश दिए गए। विद्युत विभाग को जुलूस मार्गों पर सभी बिजली तारों की जांच सुनिश्चित करने को कहा गया। नगर परिषद को पेयजल की समुचित व्यवस्था, साफ-सफाई बनाए रखने तथा भीड़-भाड़ वाले क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने का निर्देश दिया गया। स्वास्थ्य विभाग को सभी महत्वपूर्ण स्थलों पर मेडिकल टीम की प्रतिनियुक्ति सुनिश्चित करने एवं अलर्ट मोड में रहने को कहा गया। अग्निशमन विभाग को भी अपने वाहनों को एक्टिव मोड में रखने का निर्देश दिया गया।
उपायुक्त ने कहा कि सोशल मीडिया पर विशेष निगरानी रखी जाएगी तथा किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान नहीं देने की अपील की गई। आम नागरिकों से अपील की गई कि वे किसी भी प्रकार की समस्या या सूचना कंट्रोल रूम के माध्यम से जिला प्रशासन तक पहुंचा सकते हैं।पुलिस अधीक्षक पीताम्बर सिंह खेरवार ने कहा कि 27 मार्च को तथा कुछ स्थानों पर 28 मार्च को भी जुलूस निकाले जाने की सूचना है। उन्होंने सभी लोगों से शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण ढंग से जुलूस निकालने की अपील की। उन्होंने कहा कि परंपरा के अनुसार सभी लोग मिल-जुलकर पर्व मनाएं तथा जुलुस के दौरान किसी भी प्रकार की आपात स्थिति उत्पन्न नहीं हो, इसका विशेष ध्यान रखें।
