Dumka News: अभिषेक चौरसिया ने फूलो-झानो मेडिकल कॉलेज अस्पताल का किया औचक निरिक्षण
जनता को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा मिलना उनका अधिकार है: अभिषेक चौरसिया
दुमका नगर पालिका के नवनिर्वाचित अध्यक्ष अभिषेक चौरसिया ने सोमवार को फूलो-झानो मेडिकल कॉलेज अस्पताल का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान अस्पताल में भारी गंदगी, पदाधिकारियों की अनुपस्थिति और कार्यालयों में ताले लटके मिले। मरीजों ने इलाज में लापरवाही की शिकायतें कीं, जिस पर अध्यक्ष ने कड़ा रुख अपनाते हुए कर्मियों को समय पर ड्यूटी करने और व्यवस्था सुधारने का निर्देश दिया।
दुमका: लोग अगर सबसे ज्यादा किसी चीज़ से परेशान हैं, तो वह है यहां की स्वास्थ्य व्यवस्था। बीमार व्यक्ति इलाज की उम्मीद लेकर अस्पताल आता है, लेकिन जब उसे अव्यवस्था और लापरवाही दिखाई देती है, तो दर्द और बढ़ जाता है। इसी चिंता को लेकर सोमवार को दुमका नगर पालिका के नवनिर्वाचित अध्यक्ष अभिषेक चौरसिया अचानक फूलो-झानो मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचे। वहां की स्थिति देखकर वे खुद भी हैरान रह गए। अस्पताल परिसर में गंदगी चरम पर थी, और सबसे बड़ी बात यह कि न तो कोई प्रबंधक मौजूद था और न ही कोई वरीय पदाधिकारी। कई कार्यालयों में ताला लटका हुआ मिला।अस्पताल में मौजूद आम लोगों ने भी अपनी पीड़ा खुलकर उनके सामने रखी। किसी ने इलाज में लापरवाही की शिकायत की, तो किसी ने सफाई और व्यवस्था की।

