Dhanbad News: पुरानी रंजिश में दो पक्षों के बीच मारपीट व बमबाजी
हवाई फायरिंग और लोहे की रॉड से हमले का गंभीर आरोप
बाघमारा के बेहराकुदर में गुरुवार को पुरानी रंजिश को लेकर दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट और बमबाजी हुई, जिससे पूरे इलाके में दहशत फैल गई। घटना में बम के छर्रे लगने से युवक के घायल होने और हवाई फायरिंग के भी आरोप लगे हैं। बरोरा पुलिस ने प्रभाष सिंह और कुणाल सिंह दोनों पक्षों की शिकायतों के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस फिलहाल घटना की जांच कर रही है और साक्ष्यों के आधार पर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की तैयारी में है।
बाघमारा: गुरुवार की दोपहर पुरानी रंजिश को लेकर दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट और बमबाजी की घटना से इलाके में दहशत फैल गई। घटना के बाद कुछ समय तक गांव में अफरातफरी का माहौल बना रहा। सूचना मिलने पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रभाष सिंह की लिखित शिकायत पर बरोरा पुलिस ने बेहराकुदर निवासी शुभम सिंह, बंटी सिंह, कुणाल सिंह, युवराज सिंह तथा श्यामडीह कोलडंप निवासी नीरज पासवान सहित करीब आधा दर्जन लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि पुरानी रंजिश को लेकर आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए मारपीट की और बमबाजी कर माहौल को तनावपूर्ण बना दिया।

