Dumka News: सहायक समाहर्ता ने किया फूलो–झानो मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल का औचक निरीक्षण
शिशु कक्ष और आईसीयू का जायजा: विशेषज्ञ चिकित्सकों की नियमित तैनाती के निर्देश
दुमका उपायुक्त के निर्देश पर सहायक समाहर्ता नाजिश उमर अंसारी ने सोमवार की रात फूलो–झानो मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (PJMCH) का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान आपातकालीन सेवाओं, आईसीयू और शिशु कक्ष में कर्मियों की आंशिक उपस्थिति और साफ-सफाई में कमियां पाई गईं। सहायक समाहर्ता ने अस्पताल प्रबंधन को सख्त निर्देश देते हुए ड्यूटी रोस्टर का पालन सुनिश्चित करने, डॉक्टरों के संपर्क नंबर सार्वजनिक करने और सुरक्षा व्यवस्था को दुरुस्त करने को कहा है ताकि मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकें।
दुमका: सोमवार की रात्रि में उपायुक्त के निर्देशानुसार सहायक समाहर्ता नाजिश उमर अंसारी द्वारा प्रशासनिक पदाधिकारियों के साथ फूलो–झानो मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल, दुमका का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान अस्पताल की विभिन्न सेवाओं एवं व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया।निरीक्षण के क्रम में कुछ स्थानों पर व्यवस्थागत कमियाँ देखी गईं। आपातकालीन सेवा, विभिन्न वार्डों तथा अन्य कक्षों में ड्यूटी रोस्टर के अनुरूप कर्मियों की आंशिक उपस्थिति पाई गई। कुछ स्थानों पर साफ-सफाई एवं सुरक्षा व्यवस्था में भी सुधार की आवश्यकता महसूस की गई।

साथ ही प्रत्येक वार्ड के सूचना पट्ट पर संबंधित चिकित्सकों के संपर्क नंबर प्रदर्शित करने तथा मरीजों को समय पर आवश्यक चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। इसके अतिरिक्त अस्पताल परिसर में नियमित साफ-सफाई, सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने तथा तकनीकी सेवाओं के सुचारु संचालन हेतु आवश्यक कदम उठाने को कहा गया, ताकि मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएँ उपलब्ध कराई जा सकें।
