Hazaribagh News: विधायक प्रदीप प्रसाद ने सदन में उठाया के विद्यालयों में मूलभूत सुविधाओं का मुद्दा
सरकार की जिम्मेदारी: विद्यालयों में स्वच्छ और सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना
हजारीबाग विधायक प्रदीप प्रसाद ने बजट सत्र के दौरान विधानसभा क्षेत्र के स्कूलों में मूलभूत सुविधाओं का मुद्दा प्रमुखता से उठाया। उन्होंने विद्यालयों में सफाईकर्मियों और रात्रि प्रहरियों (नाइट गार्ड) की कमी के कारण होने वाली समस्याओं की ओर सदन का ध्यान आकर्षित किया। विधायक ने स्पष्ट किया कि बिना स्वच्छता, सुरक्षा और सभागार (ऑडिटोरियम) जैसी बुनियादी सुविधाओं के छात्रों का सर्वांगीण विकास संभव नहीं है। उन्होंने सरकार से इन मांगों पर समयबद्ध कार्रवाई करने की अपील की है।
हजारीबाग: बजट सत्र के दौरान हज़ारीबाग विधायक प्रदीप प्रसाद ने विधानसभा क्षेत्र के विद्यालयों में मूलभूत सुविधाओं की स्थिति से जुड़ा महत्वपूर्ण विषय सदन में प्रमुखता से उठाया। उन्होंने कहा कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए केवल पाठ्यक्रम और शिक्षकों की उपलब्धता ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि विद्यालयों में स्वच्छता, सुरक्षा और आवश्यक बुनियादी ढांचे की भी समान रूप से आवश्यकता होती है।

उन्होंने यह भी कहा कि कई उन्नत उच्च विद्यालयों तथा +2 विद्यालयों में सुरक्षा की दृष्टि से रात्रि प्रहरी (नाइट गार्ड) की व्यवस्था नहीं है। ऐसे में विद्यालय परिसर में सुरक्षा संबंधी चिंताएँ बनी रहती हैं। विद्यालय भवन, उपकरणों और अन्य संसाधनों की सुरक्षा के लिए रात्रि प्रहरी की नियुक्ति अत्यंत आवश्यक है।
विधायक प्रदीप प्रसाद ने यह भी उल्लेख किया कि अनेक विद्यालयों में विद्यार्थियों की शैक्षणिक, सांस्कृतिक और सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों के आयोजन के लिए सभागार (ऑडिटोरियम) का भी अभाव है। उन्होंने कहा कि विद्यालय केवल पढ़ाई का केंद्र नहीं होते, बल्कि विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास का माध्यम होते हैं। ऐसे में सांस्कृतिक कार्यक्रमों, सेमिनार, वाद-विवाद प्रतियोगिता और अन्य शैक्षणिक गतिविधियों के लिए उचित सभागार की व्यवस्था होना आवश्यक है।
सदन के माध्यम से विधायक प्रदीप प्रसाद ने सरकार से मांग की कि विद्यालयों में स्वच्छता, सुरक्षा और बेहतर शैक्षणिक वातावरण सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक व्यवस्थाएँ शीघ्र उपलब्ध कराई जाएँ। उन्होंने कहा कि सफाईकर्मियों की नियुक्ति, विद्यालयों में रात्रि प्रहरी की व्यवस्था तथा आवश्यकतानुसार सभागार के निर्माण की दिशा में ठोस और समयबद्ध पहल की जानी चाहिए। विधायक प्रदीप प्रसाद ने कहा कि हज़ारीबाग के विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने आश्वासन दिया कि क्षेत्र के विद्यालयों से जुड़े हर महत्वपूर्ण विषय को वे सदन में मजबूती के साथ उठाते रहेंगे और शिक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के लिए निरंतर प्रयास करते रहेंगे।
