Bokaro News: इस्पात संयंत्र में अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस का आयोजन
निदेशक प्रभारी प्रिय रंजन ने किया 'ज्ञान और ऊर्जा' के प्रतीक दीप प्रज्वलन
बोकारो इस्पात संयंत्र (BSL) के मानव संसाधन विकास केंद्र में अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के उपलक्ष्य में एक भव्य समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि निदेशक प्रभारी प्रिय रंजन के साथ विशिष्ट अतिथि के रूप में पद्मश्री प्रेमलता अग्रवाल और पद्मश्री चामी मुर्मू ने भाग लिया। इस अवसर पर संयंत्र की 20 महिला कर्मियों को उत्कृष्टता पुरस्कार और जानकी देवी को दीर्घकालीन सेवा पुरस्कार से सम्मानित किया गया। समारोह के दौरान 'इंक्रेडिबल आयरन लेडीज' के योगदान की सराहना करते हुए "गिव टू गेन" थीम पर चर्चा की गई और प्रेरणादायक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गईं।
बोकारो: इस्पात संयंत्र के मानव संसाधन ज्ञानार्जन एवं विकास केंद्र में 10 मार्च को अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के उपलक्ष्य में एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि, निदेशक प्रभारी (बोकारो इस्पात संयंत्र) प्रिय रंजन ने विशिष्ट अतिथियों के साथ परंपरागत रूप से दीप प्रज्वलित कर किया, जो ज्ञान, ऊर्जा और सकारात्मकता का प्रतीक है। इस अवसर पर बोकारो महिला समिति की अध्यक्षा शुभम रंजन, पद्मश्री प्रेमलता अग्रवाल (प्रसिद्ध पर्वतारोही) तथा पद्मश्री चामी मुर्मू (पर्यावरण कार्यकर्ता) विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित थीं।समारोह में अधिशासी निदेशक (मानव संसाधन) बनर्जी राजश्री, अधिशासी निदेशक (खान) विकास मनवती, कार्यकारी अधिशासी निदेशक (वित्त एवं लेखा) एस. के. भारद्वाज, मुख्य चिकित्सा अधिकारी (चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाएँ) डॉ. आनंद कुमार, कार्यकारी अधिशासी निदेशक (संकार्य) धनंजय कुमार, कार्यकारी अधिशासी निदेशक (सामग्री प्रबंधन) हर्ष निगम, मुख्य महाप्रबंधक (मानव संसाधन ज्ञानार्जन एवं विकास नीता बा तथा महाप्रबंधक (बीई) अनुपमा तिवारी सहित बड़ी संख्या में महिला अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित थे।

कार्यक्रम के दौरान मुख्य वक्ता पद्मश्री प्रेमलता अग्रवाल और पद्मश्री चामी मुर्मू ने अपने प्रेरक अनुभवों को साझा किया, जिसके पश्चात उन्हें सम्मानित भी किया गया। कार्यक्रम में बीएसएल की 20 महिला कार्मिकों को उत्कृष्टता अवार्ड तथा प्रोजेक्ट्स डिवीज़न में कार्यरत सबसे लंबे समय तक सेवा देने वाली महिला कर्मचारी जानकी देवी को दीर्घकालीन सेवा पुरस्कार से सम्मानित किया गया।अपने संबोधन में मुख्य अतिथि प्रिय रंजन ने संयंत्र की प्रगति में महिलाओं की निर्णायक भूमिका की सराहना की और उन्हें निरंतर आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया।विशेष आकर्षण के रूप में बोकारो जनरल अस्पताल के डॉक्टरों द्वारा जीते हैं चल" संवाद नृत्य, "स्टील गल्स 2.0 नृत्य नाटिका, 'किलकारी' क्रेच के बच्चों द्वारा फैंसी ड्रेस तथा वित्त एवं लेखा विभाग द्वारा ऑपरेशन सिंदूर" पर आधारित लघु नाटिका प्रस्तुत की गई।
साथ ही बीजीएच के नर्सिंग स्टाफ द्वारा नथिंग इज इम्पॉसिबल" नृत्य की शानदार प्रस्तुति दी गई।कार्यक्रम का समापन महाप्रबंधक (बीई) अनुपमा तिवारी के धन्यवाद ज्ञापन तथा राष्ट्रगान के साथ हुआ।यह आयोजन बोकारो इस्पात संयंत्र में समावेशी कार्य-संस्कृति को बढ़ावा देने और महिला सशक्तिकरण के प्रति प्रबंधन की प्रतिबद्धता को दर्शाता है। महिलाओं की सक्रिय भागीदारी और उनकी उपलब्धियों का सम्मान न केवल कार्यस्थल पर सकारात्मकता और मनोबल बढ़ाता है, बल्कि यह संयंत्र की समग्र उत्पादकता, कार्य-कुशलता और संगठनात्मक उत्कृष्टता के लक्ष्यों को प्राप्त करने की दिशा में भी एक महत्वपूर्ण कदम है।
