Dumka News : छात्र जीवन को बताया भविष्य की नींव, स्वामी हरिपदानंद ने दिया मार्गदर्शन
अनुशासन, समय प्रबंधन और संयमित जीवन पर दिया विशेष जोर
पाथरा स्थित स्वामी प्रणवानंद विद्या मंदिर में आयोजित प्रार्थना सभा में स्वामी हरिपदानंद जी महाराज ने विद्यार्थियों को आत्म-विकास, अनुशासन और समय के सदुपयोग का संदेश दिया।
दुमका : पाथरा स्थित भारत सेवाश्रम संघ द्वारा संचालित स्वामी प्रणवानंद विद्या मंदिर में आज सुबह की प्रार्थना सभा प्रेरणादायक सभा में बदल गई। इस अवसर पर अंडमान शाखा से पधारे स्वामी हरिपदानंद महाराज ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए महत्वपूर्ण संदेश दिया।

स्वामी ने कहा कि वर्तमान समय विद्यार्थियों के लिए अध्ययन और आत्म-विकास का समय है। उन्होंने बच्चों से कहा कि पहले स्वयं को तैयार करें, तभी आगे चलकर समाज, राज्य, देश और दुनिया को दिशा दे पाएंगे। उन्होंने विद्यार्थियों को अनुशासन, संयम और समय का सही उपयोग करने की प्रेरणा दी।
उन्होंने यह भी कहा कि विद्यार्थी जीवन में समय पर भोजन करना, खेलकूद तथा अन्य सह-पाठ्य गतिविधियों में बढ़-चढ़कर भाग लेना आवश्यक है। भोजन के समय अनावश्यक वार्तालाप न करने तथा संयमित जीवन जीने की सीख देते हुए उन्होंने बच्चों को आदर्श विद्यार्थी बनने का आह्वान किया। स्वामी ने कहा कि भविष्य की मजबूत नींव आज के विद्यार्थियों के कंधों पर टिकी है।
इस अवसर पर पाथरा आश्रम के सचिव स्वामी नित्यव्रतानंद महाराज, विद्यालय के प्रधानाचार्य अभिनंदन मुर्मू सहित शिक्षकगण जयदेव दे, रणजीत राउत, बोध बोदरा, प्रमिला टुडू, स्वर्णलता मरांडी, पार्थ राउत, प्रणव भक्त, अरिजीत प्रमाणिक, प्रशांत कुमार मुर्मू, देवाशीष राय तथा विद्यालय के छात्र-छात्राएं उपस्थित थे। कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों ने स्वामी के प्रेरणादायक विचारों को अपने जीवन में उतारने की प्रतिबद्धता भी व्यक्त की।
