दिल्ली मेयर ऑफिस को बम से उड़ाने की धमकी, जांच में जुटी एजेंसियां
ईमेल के जरिए मिली धमकी, तुरंत हरकत में आई पुलिस
सिविक सेंटर स्थित महापौर कार्यालय को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हो गईं। ईमेल के जरिए मिली इस धमकी के बाद पूरे परिसर में बम निरोधक दस्ते और डॉग स्क्वॉड की मदद से सघन तलाशी अभियान चलाया गया।
नई दिल्ली: दिल्ली के सिविक सेंटर स्थित महापौर कार्यालय को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां तुरंत हरकत में आ गईं और सिविक सेंटर परिसर में सघन तलाशी अभियान चलाया। कई घंटों तक चले इस अभियान के दौरान कहीं भी कोई संदिग्ध वस्तु या गतिविधि सामने नहीं आई। आगे की जांच जारी है।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक धमकी भरा ई-मेल मिलने के तुरंत बाद कमला मार्केट थाना पुलिस ने बम निरोधक दस्ते और डॉग स्क्वॉड के साथ मिलकर सिविक सेंटर में सघन तलाशी अभियान चलाया। जांच के दौरान परिसर के हर कोने को बारीकी से खंगाला गया। पुलिस टीम ने पार्किंग एरिया, बेसमेंट, मेयर कार्यालय सहित अन्य सभी दफ्तरों में क्रमवार जांच की। सुरक्षा एजेंसियों ने किसी भी संभावित खतरे को ध्यान में रखते हुए पूरी प्रक्रिया को बेहद सावधानी और व्यवस्थित तरीके से अंजाम दिया। कई घंटों तक चली इस जांच के दौरान कहीं भी कोई संदिग्ध वस्तु या गतिविधि सामने नहीं आई।

इसके अलावा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत स्थानीय पुलिस को देने के निर्देश भी जारी किए गए हैं। अधिकारियों का कहना है कि सभी आवश्यक एहतियाती कदम उठाए जा चुके हैं और स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है। फिलहाल सिविक सेंटर में कामकाज सामान्य रूप से जारी है।उधर, दिल्ली नगर निगम में नेता प्रतिपक्ष अंकुश नारंग ने इस धमकी को लेकर चिंता जतायी है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में चार इंजन की सरकार होने के बाद भी शहर के प्रथम नागरिक भी सुरक्षित नहीं। नारंग ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर अपने पोस्ट में कहा कि चार इंजन सरकार में दिल्ली की सुरक्षा व्यवस्था फेल हो गई है, दिल्ली महापौर तक सुरक्षित नहीं।
उल्लेखनीय है कि इसके पहले हाल ही में दिल्ली विधानसभा को बम से उड़ाने की धमकी मिली थी। यह धमकी भरा मेल विधानसभा के बजट सत्र के तीसरे दिन की कार्यवाही के बीच आया था। धमकी भरा मेल मिलते ही दिल्ली पुलिस और डॉग स्क्वाड की टीम ने विधानसभा परिसर की गहन जांच की थी, लेकिन कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला था।
