पूर्व रेलवे मालदा मंडल में जयशंकर प्रसाद जयंती समारोह आयोजित
साहिबगंज के अमन कुमार को डीआरएम ने किया सम्मानित
पूर्व रेलवे मालदा मंडल के राजभाषा विभाग द्वारा जयशंकर प्रसाद जयंती के अवसर पर व्याख्यान एवं पुरस्कार वितरण समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर साहिबगंज निवासी अमन कुमार होली को उनके उत्कृष्ट संबोधन के लिए डीआरएम मनीष कुमार गुप्ता द्वारा सम्मानित किया गया।
साहिबगंज : पूर्व रेलवे, मालदा मंडल के राजभाषा विभाग द्वारा विगत दिनों छायावाद के प्रवर्तक और हिंदी साहित्य के शिखर पुरुष जयशंकर प्रसाद की जयंती के उपलक्ष्य में एक भव्य व्याख्यान कार्यक्रम एवं पुरस्कार वितरण समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता मंडल रेल प्रबंधक मनीष कुमार गुप्ता ने की। कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में आमंत्रित अमन कुमार होली ने जयशंकर प्रसाद के व्यक्तित्व, कृतित्व एवं राजभाषा उन्नयन में रेलवे के योगदान पर सारगर्भित व्याख्यान दिया।

समारोह में विशिष्ट अतिथि के रूप में पद्मश्री पुरस्कार विजेता (2026) अशोक कुमार हालदार एवं पवन कुमार पोद्दार अनुदेशक, सिगनल ट्रेंनिंग स्कूल मालदा उपस्थित रहे। हालदार, जो मालदा निवासी हैं और 2019 में मालदा मंडल से ही ट्रेन प्रबंधक (गार्ड) पद से सेवानिवृत्त हुए हैं, ने जयशंकर प्रसाद की साहित्यिक विरासत पर प्रेरणादायी संबोधन दिया। इस अवसर पर मंडल की राजभाषा ई-पत्रिका "बढ़ते कदम" का औपचारिक विमोचन किया गया।
कार्यक्रम में अपर मंडल रेल प्रबंधक एवं अपर मुख्य राजभाषा अधिकारी शिव कुमार प्रसाद सहित विभिन्न वरिष्ठ शाखा अधिकारी और भारी संख्या में साहित्य प्रेमी और रेल कर्मचारी उपस्थित थे। अमन कुमार होली ने इस स्नेहपूर्ण आमंत्रण के लिए राजभाषा अधिकारी अयुष बेहेरा, अनुवाद अधिकारी इन्द्र ज्योति राय, कार्यक्रम समन्वयक विद्यासागर और सीएल मंडल, अपने सभी गुरुजनों, सहृदय प्रशंसकों, माता-पिता, भाई-बहनों, और दोस्तों सहित संपूर्ण रेल राजभाषा परिवार का हृदय से आभार प्रकट किया।
