माघ मेला को लेकर टी-आर पैसेंजर ट्रेन में बढ़ी श्रद्धालुओं की भीड़
बजरंगी महतो ने की अतिरिक्त कोच लगाने की मांग
राजमहल में आयोजित माघ मेला को लेकर टी-आर पैसेंजर ट्रेन में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखी जा रही है। गंगा स्नान के लिए बड़ी संख्या में यात्री यात्रा कर रहे हैं। बजरंगी महतो ने बढ़ती भीड़ को देखते हुए रेलवे से अतिरिक्त कोच जोड़ने या मेला स्पेशल ट्रेन चलाने की मांग की है।
साहिबगंज : राजमहल अनुमंडल में आयोजित माघ मेला को लेकर रेल यात्रियों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी है। राजमहल नदी तट पर आयोजित हो रहे राजकीय माघी मेला को लेकर तीनपहाड़-राजमहल पैसेंजर ट्रेन से बड़ी संख्या में श्रद्धालु रवाना हो रहे हैं।

यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए हिंदू धर्म रक्षा मंच के प्रदेश महासचिव बजरंगी महतो ने कहा कि राजमहल सहित आस-पास के प्रखंडों से राजमहल आने-जाने के लिए यह ट्रेन एक बेहतर विकल्प है। सीधी कनेक्टिविटी होने से न तो बार-बार ट्रेन बदलने की जरूरत पड़ती है और न ही लंबा इंतजार करना पड़ता है। इसी वजह से माघ मेला के दौरान इस ट्रेन में लगातार भीड़ देखी जा रही है।
उन्होंने कहा कि माघ मेला की प्रमुख स्नान तिथियों के आस-पास यात्रियों की संख्या और बढ़ सकती है। बजरंगी महतो ने रेलवे से मांग की है कि अत्यधिक भीड़ को देखते हुए टी-आर पैसेंजर ट्रेन में चार अतिरिक्त कोच जोड़े जाएं या विशेष मेला स्पेशल ट्रेनों का संचालन किया जाए, ताकि यात्रियों को किसी तरह की परेशानी न हो। उल्लेखनीय है कि माघ मेला के दौरान टी-आर पैसेंजर ट्रेन श्रद्धालुओं के लिए आस्था की यात्रा का एक अहम माध्यम बनकर उभरा है।
