जैक की लापरवाही पर भड़के धर्मेंद्र तिवारी, छात्रों के भविष्य को बताया खतरे में
आठवीं बोर्ड परीक्षा 2026 के मूल्यांकन में आई तकनीकी अव्यवस्था
जैक द्वारा आयोजित आठवीं बोर्ड परीक्षा 2026 के आंतरिक मूल्यांकन अंक अपलोड करने की प्रक्रिया में अव्यवस्था को लेकर जेडीयू नेता धर्मेंद्र तिवारी ने गंभीर चिंता जताई है। उन्होंने इसे छात्रों, शिक्षकों और विद्यालय प्रधानों के साथ अन्याय बताया है।
रांची : जनता दल (यूनाइटेड) के वरिष्ठ नेता धर्मेंद्र तिवारी ने जैक द्वारा आयोजित आठवीं बोर्ड परीक्षा 2026 के आंतरिक मूल्यांकन अंक अपलोड करने की प्रक्रिया में हुई अव्यवस्था पर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए इसे विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं विद्यालय प्रधानों के साथ अन्याय बताया है। उन्होंने कहा कि शिक्षण संस्थानों को आंतरिक मूल्यांकन अंक अपलोड करने के लिए पुनः एक सप्ताह का अतिरिक्त समय दिया जाना चाहिए।

उन्होंने कहा कि समय से पहले जैक की साइट बंद हो जाना विभागीय लापरवाही का स्पष्ट प्रमाण है। विभाग और जैक की कमजोरी का खामियाजा शिक्षकों एवं छात्र-छात्राओं पर थोपना पूरी तरह अनुचित और अन्यायपूर्ण है। अपनी प्रशासनिक विफलता को छिपाने के लिए निचले स्तर के कर्मियों पर कार्रवाई या दबाव बनाना किसी भी दृष्टि से न्यायसंगत नहीं कहा जा सकता।
तिवारी ने कहा कि विद्यार्थियों ने पूरे वर्ष कठिन परिश्रम के साथ पढ़ाई की है। यदि आंतरिक मूल्यांकन अंक अपलोड नहीं होने के कारण उनका परिणाम प्रभावित होता है, तो यह उनके भविष्य के साथ गंभीर खिलवाड़ होगा।
उन्होंने झारखंड सरकार के शिक्षा विभाग एवं जैक से मांग की कि इस मामले में संवेदनशील और व्यावहारिक निर्णय लेते हुए आंतरिक मूल्यांकन अंक अपलोड करने के लिए एक सप्ताह का अतिरिक्त समय अविलंब दिया जाए, ताकि किसी भी विद्यार्थी का भविष्य प्रभावित न हो।
Mohit Sinha is a writer associated with Samridh Jharkhand. He regularly covers sports, crime, and social issues, with a focus on player statements, local incidents, and public interest stories. His writing reflects clarity, accuracy, and responsible journalism.
