पलामू: पलामू जिला मुख्यालय स्थित मेदिनीनगर के रांची रोड, रेड़मा में इन दिनों आध्यात्मिक माहौल बना हुआ है। राष्ट्रीय परशुराम सेना, भार्गव द्वारा नवनिर्मित भगवान परशुराम मंदिर के प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव के तहत आयोजित नौ दिवसीय शिव पुराण कथा के तीसरे दिन श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। इस अवसर पर विश्व हिंदू परिषद (विहिप), पलामू के एक उच्च स्तरीय प्रतिनिधिमंडल ने कथावाचिका साध्वी दीदी कृष्णप्रिया जी से भेंट कर उनका अभिनंदन किया।

अपने प्रवचन में साध्वी कृष्णप्रिया जी ने शिव पुराण की महिमा का वर्णन करते हुए समसामयिक सामाजिक विषयों पर भी प्रकाश डाला। उन्होंने गौ रक्षा और गौ वंश संवर्धन को हिंदू धर्म का मूल आधार बताया। साथ ही श्रद्धालुओं से आह्वान किया कि सनातन संस्कृति को अक्षुण्ण रखने के लिए नई पीढ़ी को संस्कारों से जोड़ना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि धर्म की रक्षा तभी संभव है, जब समाज अपने मूल्यों और संस्कृति के प्रति जागरूक रहे।
सम्मान समारोह में विहिप के कई पदाधिकारी मौजूद रहे। इनमें दामोदर मिश्र (झारखंड प्रांत सेवा टोली सदस्य सह पलामू जिला पालक), अमित तिवारी (जिला मंत्री), गोपाल तिवारी (सेवा प्रमुख), पप्पू लाठ (समरसता प्रमुख), संदीप प्रसाद गुप्ता (बजरंग दल जिला संयोजक), हिमांशु पांडेय (सह संयोजक) प्रमुख रूप से शामिल थे। इसके अलावा विद्यार्थी प्रमुख विवेक सिंह, वार्ड संयोजक प्रकाश विश्वकर्मा, शीतल तिवारी सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और श्रद्धालु उपस्थित थे।
