Palamu News: प्रमंडलीय आयुक्त ने राजस्व से जुड़े विभिन्न विभागों के राजस्व पदाधिकारियों के साथ की बैठक
वित्तीय वर्ष की समाप्ति पर लक्ष्य प्राप्ति के लिए आयुक्त का सख्त निर्देश
पलामू प्रमंडलीय आयुक्त कुमुद सहाय ने मेदिनीनगर कार्यालय में पलामू गढ़वा और लातेहार जिलों के राजस्व पदाधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की जिसमें उन्होंने वित्तीय वर्ष की समाप्ति से पहले निर्धारित लक्ष्यों को प्राप्त करने और अवैध खनन व परिवहन के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने का निर्देश दिया आयुक्त ने कुछ विभागों की धीमी प्रगति पर नाराजगी व्यक्त करते हुए स्पष्ट किया कि राजस्व संग्रहण में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और लंबित मामलों का त्वरित निष्पादन सुनिश्चित किया जाए।
मेदिनीनगर: प्रमंडलीय आयुक्त कुमुद सहाय आज अपने कार्यालय वेश्म में पलामू प्रमंडल क्षेत्र अंतर्गत पलामू, लातेहार एवं गढ़वा जिलों के राजस्व पदाधिकारियों के साथ बैठक कर राजस्व संग्रहण की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में सभी संबंधित अधिकारियों ने अपने-अपने जिलों एवं विभागों में निर्धारित लक्ष्य के विरुद्ध अबतक की उपलब्धियों की जानकारी प्रस्तुत की।

आयुक्त ने कहा कि सभी अधिकारी आपसी समन्वय के साथ कार्य करें और राजस्व संग्रहण में किसी भी प्रकार की शिथिलता नहीं बरतें। उन्होंने चेतावनी दी कि लक्ष्य प्राप्ति में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। खनन विभाग द्वारा राजस्व संग्रहण की समीक्षा करते हुए आयुक्त ने अवैध खनन, अवैध परिवहन, अवैध बालू लदा ट्रैक्टर के विरूद्ध सख्ती से कार्रवाई करने एवं राजस्व वसूली में तेजी लाने का सख्त निर्देश दिया।
बैठक में आयुक्त के सचिव बिजय वर्मा, प्रमंडल क्षेत्र के पलामू, गढ़वा एवं लातेहार के अपर समाहर्ता, अनुमंडल पदाधिकारी, जिला परिवहन पदाधिकारी, खनन पदाधिकारी, मत्स्य पदाधिकारी, भूमि सुधार उप समाहर्ता, उत्पाद अधीक्षक, निलाम पत्र पदाधिकारी, बिजली विभाग के पदाधिकारी, जिला अवर निबंधक, नगर निगम, नगर पंचायत, नगर परिषद के पदाधिकारी, राजस्व से जुड़े विभिन्न विभागों के पदाधिकारी एवं अन्य राजस्व पदाधिकारी उपस्थित थे।
