Sahebganj News: मालदा-साहिबगंज रेलखंड पर रेलवे ने किया सुरक्षा अपग्रेड, अब 130 Km/h की गति से दौड़ेंगी ट्रेनें
ट्रैक के दोनों ओर वी-बीम फेंसिंग से बढ़ेगी ट्रेनों की रफ्तार और सुरक्षा
मालदा साहिबगंज किऊल रेलखंड पर रेलवे ने सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करते हुए 316.8 किलोमीटर लंबी आधुनिक वी-बीम मेटल फेंसिंग स्थापित की है जिससे अब इस रूट पर ट्रेनों की रफ्तार बढ़ाकर 130 किलोमीटर प्रति घंटा की जा सकेगी यह फेंसिंग क्रैश बैरियर तकनीक पर आधारित है जो न केवल मवेशियों के ट्रैक पर आने से होने वाली दुर्घटनाओं को रोकेगी बल्कि यात्रियों के सफर को अधिक सुरक्षित और सुचारू बनाएगी पूर्व रेलवे का यह महत्वपूर्ण कॉरिडोर अब बिहार झारखंड और पश्चिम बंगाल के बीच बेहतर कनेक्टिविटी प्रदान करेगा।
साहिबगंज: मालदा-साहिबगंज-किऊल रेलखंड पर रेलवे ने बड़ा सुरक्षा अपग्रेड करते हुए 316.8 किलोमीटर लंबी वी-बीम मेटल फेंसिंग स्थापित कर दी है। यह फेंसिंग ट्रैक के दोनों किनारों पर लगाई गई है ताकि ट्रेनों की रफ्तार को 130 किलोमीटर प्रति घंटा तक सुरक्षित रूप से बढ़ाया जा सके। बता दें कि वी-बीम मेटल फेंसिंग एक आधुनिक सुरक्षा प्रणाली है, जो क्रैश बैरियर तकनीक पर आधारित है। यह सिस्टम मजबूत, टिकाऊ और कम रखरखाव वाला है, जो हर मौसम में प्रभावी रहेगा। इसका मुख्य उद्देश्य ट्रैक पर अनधिकृत प्रवेश को रोकना और मवेशियों या बाहरी कारणों से होने वाली दुर्घटनाओं को कम करना है।

