Dhanbad News: सुभाष चौक में भीषण अग्निकांड, तीन दुकानें जलकर राख
शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका: पुलिस कर रही है जांच
धनबाद जिले के तेतुलमारी थाना अंतर्गत सुभाष चौक पर गुरुवार की देर रात भीषण आग लगने से तीन दुकानें जलकर पूरी तरह राख हो गईं इस अग्निकांड में चाय सब्जी और पंचर की दुकान में रखा करीब तीन लाख का सामान जल गया दमकल की अनुपलब्धता के कारण स्थानीय लोगों ने पानी के टैंकरों की मदद से भारी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया हालांकि घटना में कोई हताहत नहीं हुआ है लेकिन दुकानदारों ने प्रशासन से आर्थिक मदद और मामले की जांच की मांग की है।
बाघमारा: तेतुलमारी थाना क्षेत्र अंतर्गत सुभाष चौक पर गुरुवार की देर रात भीषण अग्निकांड में तीन दुकानें जलकर पूरी तरह राख हो गईं। घटना से इलाके में हड़कंप मच गया और देर रात तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। जानकारी के अनुसार स्थानीय व्यवसायी लल्लन प्रसाद बरनवाल की चाय व सब्जी दुकान के साथ बगल की एक पंचर दुकान में अचानक आग लग गई। रात करीब दो बजे उठी आग की लपटें इतनी तेज थीं कि देखते ही देखते आसमान तक पहुंचने लगीं। आसपास के लोग घबराकर अपने-अपने घरों से बाहर निकल आए।

