Dumka News: जेंडर रिसोर्स सेंटर (GRC) का उद्घाटन, महिलाओं के सशक्तिकरण पर दिया गया जोर
दीदियों ने लिया जेंडर समानता और जागरूकता फैलाने का संकल्प
दुमका के गोपीकांदर प्रखंड में महिलाओं को उनके अधिकारों के प्रति सशक्त बनाने के उद्देश्य से जेंडर रिसोर्स सेंटर (GRC) का विधिवत उद्घाटन किया गया। प्रखंड विकास पदाधिकारी विजय प्रकाश मरांडी और जेएसएलपीएस (JSLPS) के अधिकारियों की उपस्थिति में शुरू हुआ यह केंद्र महिलाओं के लिए कानूनी जागरूकता, सामाजिक सुरक्षा और परामर्श का एक मुख्य मंच बनेगा। प्रदान संस्था और जेएसएलपीएस के सहयोग से संचालित यह केंद्र ग्रामीण महिलाओं को घरेलू हिंसा और लैंगिक भेदभाव के खिलाफ जागरूक कर उन्हें समाज में आत्मनिर्भर और नेतृत्वकारी भूमिका निभाने के लिए प्रेरित करेगा।
दुमका: गोपीकांदर प्रखंड अंतर्गत गोपीकांदर संकुल में शनिवार को जेंडर रिसोर्स सेंटर (GRC) का विधिवत उद्घाटन प्रखंड विकास पदाधिकारी विजय प्रकाश मरांडी द्वारा किया गया। इस अवसर पर जिला प्रबंधक सामाजिक विकास (DMSD) सारथी कुमारी, प्रखंड कार्यक्रम प्रबंधक (BPM) जेएसएलपीएस निरंजन कुमार तिवारी, प्रदान संस्था से सुलाग्न दत्ता सहित जेएसएलपीएस से जुड़ी दीदियाँ एवं संकुल के पदाधिकारी उपस्थित रहे। उद्घाटन के पश्चात उपस्थित पदाधिकारियों ने दीदियों को जेंडर समानता, महिला सशक्तिकरण एवं कानूनी जागरूकता से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी दी।

प्रदान संस्था से सुलाग्न दत्ता ने बताया कि जेंडर रिसोर्स सेंटर का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण महिलाओं को सामाजिक, आर्थिक एवं कानूनी रूप से सशक्त बनाना है, ताकि वे आत्मनिर्भर बनकर समाज में नेतृत्व की भूमिका निभा सकें।जिला प्रबंधक सामाजिक विकास (DMSD) सारथी कुमारी ने महिलाओं को जेंडर आधारित भेदभाव, घरेलू हिंसा एवं अन्य सामाजिक मुद्दों के प्रति जागरूक करते हुए कहा कि यह केंद्र महिलाओं के लिए मार्गदर्शन और सहयोग का एक सुरक्षित मंच होगा।प्रखंड कार्यक्रम प्रबंधक (BPM) जेएसएलपीएस निरंजन कुमार तिवारी ने दीदियों को जेएसएलपीएस के विभिन्न कार्यक्रमों एवं आजीविका गतिविधियों से जुड़कर आर्थिक रूप से सशक्त बनने के लिए प्रेरित किया।कार्यक्रम में तीनों संकुलों से सीसी, आईपीआरपी, बीएपी सहित बड़ी संख्या में दीदियाँ उपस्थित रहीं। कार्यक्रम के अंत में सभी दीदियों ने जेंडर समानता एवं महिला सशक्तिकरण के प्रति जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया। यह जेंडर रिसोर्स सेंटर महिलाओं के लिए सहायता, परामर्श एवं मार्गदर्शन का एक महत्वपूर्ण केंद्र साबित होगा।
