Bokaro News: महिलाएं अपने टैलेंट के दम पर कई मामलों में पुरुषों से बेहतर कर रही हैं: एसपी
दीप प्रज्वलन के साथ महिला महोत्सव सप्ताह का हुआ भव्य शुभारंभ
बोकारो के शिबू सोरेन स्मृति भवन में महिला महोत्सव सप्ताह का भव्य शुभारंभ हुआ। डीसी और एसपी सहित अन्य अधिकारियों ने दीप प्रज्वलित कर महिलाओं के सम्मान, समानता और सशक्तिकरण पर जोर दिया। एसपी हरविंदर सिंह ने महिलाओं की बढ़ती उपलब्धियों की सराहना करते हुए समाज से बच्चों को अच्छे संस्कार देने और महिला सुरक्षा में सहभागी बनने की अपील की।
बोकारो: रविवार को शिबू सोरेन स्मृति भवन (टाउन हॉल) में दीप प्रज्वलन के साथ महिला महोत्सव सप्ताह का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर डीसी अजय नाथ झा, एसपी हरविंदर सिंह, डीडीसी शताब्दी मजूमदार, डीपीएलआर मेनका, एसी मो. मुमताज अंसारी, एफओ संदीप शिंदे, चास एसडीओ प्रांजल ढांडा, डीसीएलआर चास प्रभाष दत्ता सहित अन्य अधिकारियों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम की शुरुआत की।

एसपी ने कहा कि महिलाएं अपनी जिम्मेदारियों को भली-भांति समझती हैं और पूरे समर्पण, डेडिकेशन तथा पैशन के साथ अपने कार्यों को अंजाम देती हैं। यही वजह है कि आज वे न केवल अपने परिवार बल्कि समाज और देश के विकास में भी अहम योगदान दे रही हैं। उन्होंने कहा कि महिलाएं सबको साथ लेकर चलने की भावना रखती हैं, जो समाज को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।उन्होंने महिला सुरक्षा के मुद्दे पर महिलाओं से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि पुलिस विभाग लगातार महिलाओं की सुरक्षा को लेकर कई कदम उठा रहा है, लेकिन इस दिशा में महिलाओं की भागीदारी भी बेहद जरूरी है।
महिलाओं से विशेष रूप से अपील करते हुए उन्होंने कहा कि वे अपने घरों में बच्चों को महिलाओं/बेटियों के सम्मान और सुरक्षा के प्रति जागरूक करें तथा उन्हें अच्छे संस्कार दें।एसपी ने कहा कि यदि परिवार और समाज मिलकर बच्चों को सही दिशा देंगे तो महिलाओं के प्रति अपराधों में कमी लाई जा सकती है। उन्होंने जोर देकर कहा कि महिलाओं के लिए सुरक्षित और सम्मानजनक वातावरण बनाना हम सभी की साझा जिम्मेदारी है। जब पुलिस और समाज मिलकर काम करेंगे, तभी महिला सुरक्षा को मजबूत किया जा सकेगा और एक बेहतर समाज का निर्माण होगा।
