Dumka News: चुटो पहाड़ के समीप दर्दनाक सड़क हादसा, मासूम बच्चे सहित दो की मौत
दो मोटरसाइकिलों की टक्कर में मची चीख-पुकार
दुमका-मसलिया मुख्य मार्ग पर चुटो पहाड़ के समीप रविवार को दो बाइकों की आमने-सामने की टक्कर में एक मासूम बच्चे और एक अज्ञात युवक की मौत हो गई। हादसे में बच्चे के माता-पिता, बंटी कुमार यादव और उनकी पत्नी घायल हो गए, जो अपने ससुराल दलाही से घर लौट रहे थे। ग्रामीणों की मदद से सभी को फूलो झानो मेडिकल कॉलेज पहुँचाया गया। पुलिस फिलहाल मामले की जांच और अज्ञात मृतक की पहचान करने में जुटी है।
दुमका: मसलिया मुख्य मार्ग पर जामा थाना क्षेत्र के चुटो पहाड़ के समीप रविवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक मासूम बच्चे सहित दो लोगों की मौत हो गई, जबकि बच्चे के माता-पिता आंशिक रूप से घायल हो गए। हादसा दो बाइकों की आमने-सामने की टक्कर में हुआ।

घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास के ग्रामीण तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे और मानवता का परिचय देते हुए सभी घायलों को इलाज के लिए फूलो झानो मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के बाद मासूम बच्चे और दूसरी बाइक के चालक को मृत घोषित कर दिया। वहीं बच्चे के माता-पिता का अस्पताल में इलाज चल रहा है। दूसरी बाइक के मृत चालक की पहचान अब तक नहीं हो पाई है। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
