Palamu News: डीसी ने डीईजीएस व ई-गवर्नेंस कार्यों की समीक्षा बैठक की
आई-रेड पोर्टल में एमएमसीएच और सीएचसी की सुस्ती पर डीसी सख्त
मेदिनीनगर में उपायुक्त समीरा एस की अध्यक्षता में डीईजीएस और ई-ऑफिस से संबंधित कार्यों की उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। उपायुक्त ने सड़क दुर्घटनाओं का डेटा आई-रेड (i-RAD) पोर्टल पर दर्ज न करने के लिए स्वास्थ्य विभाग के प्रति गहरी नाराजगी जताई और जल्द नोडल पदाधिकारी नियुक्त करने का आदेश दिया। साथ ही, उन्होंने झारसेवा के माध्यम से जारी होने वाले जाति, आवासीय एवं अन्य प्रमाण पत्रों को निर्धारित समय के भीतर निष्पादित करने के सख्त निर्देश दिए हैं।
मेदिनीनगर: उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी समीरा एस की अध्यक्षता में सोमवार को समाहरणालय सभागार में डीईजीएस, ई-ऑफिस, यूआईडीएआई, एनआईसी एवं आधार से संबंधित कार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में उपायुक्त ने पिछली बैठक में दिए गए निर्देशों के अनुपालन की बिंदुवार समीक्षा की। समीक्षा के दौरान बताया गया कि जिले के सभी प्रखंडों में आधार केंद्र सुचारू रूप से संचालित हो रहे हैं।वहीं जिला मुख्यालय स्थित नूतन केंद्र में संचालित आधार केंद्र को भी तकनीकी रूप से सुदृढ़ कर लिया गया है।
"आई रेड" में एंट्री नहीं होने पर डीसी ने नोडल पदाधिकारी नियुक्त करने के लिए निर्देश

अगली बैठक में एंट्री नहीं हुई तो कार्रवाई के लिए रहे तैयार: उपायुक्त
उपायुक्त ने स्पष्ट कहा कि अगली सड़क सुरक्षा समिति या डीईजीएस की बैठक में भी यही स्थिति रही तो संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि एंट्री से संबंधित स्वास्थ्य कर्मियों को प्रशिक्षण दिया जा चुका है, इसके बावजूद कार्य नहीं होना गंभीर मामला है। समीक्षा में यह भी पाया गया कि कुछ निजी अस्पतालों द्वारा पोर्टल में एंट्री की जा रही है, लेकिन एमएमसीएच और सीएचसी इस कार्य में रुचि नहीं ले रहे हैं।
सभी प्रमाण पत्रों को तय समयानुसार में निष्पादन करें: उपायुक्त
बैठक में उपायुक्त ने झारसेवा के तहत जारी होने वाले सभी प्रकार के प्रमाणपत्रों का निर्धारित समय सीमा में निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। साथ ही ई-ग्रंथालय, आई-रेड समेत अन्य बिंदुओं पर भी समीक्षा की गई। इस अवसर पर जिला सूचना एवं विज्ञान पदाधिकारी रणवीर सिंह, डीईओ, डीएसई, ई-डिस्ट्रिक्ट मैनेजर पंकज पांडेय, यूआईडी के डीपीओ सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।
