Hazaribagh News: लॉ कॉलेज में नवनिर्वाचित मेयर अरविंद राणा का हुआ भव्य स्वागत
स्वच्छता और मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाना मेयर की प्राथमिकता
हजारीबाग के नवनिर्वाचित मेयर अरविंद राणा का उनके पूर्व शिक्षण संस्थान, यूनिवर्सिटी लॉ कॉलेज में भव्य सम्मान समारोह आयोजित किया गया। प्राचार्य डॉ. रश्मि प्रधान ने उन्हें सम्मानित करते हुए उनकी सफलता को छात्रों के लिए प्रेरणा बताया। मेयर अरविंद राणा ने अपने छात्र जीवन को याद करते हुए शहर के विकास और स्वच्छता को अपनी मुख्य प्राथमिकता बताया। इस अवसर पर कॉलेज के शिक्षक, कर्मचारी और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।
हजारीबाग: नगर निगम चुनाव में मेयर पद पर निर्वाचित होने के बाद हजारीबाग के नव निर्वाचित मेयर अरविंद राणा का यूनिवर्सिटी लॉ कॉलेज परिसर में भव्य स्वागत एवं सम्मान किया गया। इस अवसर पर कॉलेज परिवार की ओर से उन्हें बुके देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में कॉलेज के शिक्षक, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

इस अवसर पर प्राचार्य डॉ. रश्मि प्रधान ने कहा कि यह पूरे कॉलेज परिवार के लिए गौरव का क्षण है कि इसी संस्थान से शिक्षा प्राप्त करने वाला एक छात्र आज हजारीबाग नगर निगम का मेयर बना है। उन्होंने कहा कि अरविंद राणा की सफलता कॉलेज के विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा का स्रोत है। इससे यह संदेश मिलता है कि कड़ी मेहनत, समर्पण और समाज के प्रति जिम्मेदारी की भावना से कोई भी व्यक्ति ऊंचाइयों तक पहुंच सकता है।
मेयर अरविंद राणा ने भी अपने संबोधन में कॉलेज परिवार के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इस कॉलेज से उन्हें सिर्फ विधि की शिक्षा ही नहीं मिली, बल्कि समाज को समझने और लोगों के लिए काम करने की प्रेरणा भी मिली। उन्होंने अपने छात्र जीवन की कई यादों को साझा करते हुए कहा कि कॉलेज के दिनों ने ही उन्हें आगे बढ़ने का मार्ग दिखाया। उन्होंने कहा कि हजारीबाग नगर निगम के मेयर के रूप में उनका मुख्य उद्देश्य शहर के विकास को गति देना, स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाना और नागरिकों को बेहतर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना होगा। साथ ही उन्होंने युवाओं से भी समाज और शहर के विकास में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की।
इस अवसर पर कॉलेज के शिक्षकगणों में डॉ. उर्मिला कुमारी, डॉ. लक्ष्मी सिंह एवं प्रोफेसर चितरंजन उपस्थित रहे। वहीं कर्मचारियों में रोशन कुमार, राजेश कुमार, रविंद्र कुमार, अमन उरांव, नीरज दयाल सिंह, संतोष, रंजीत, मीनू और मुकेश सहित कई अन्य कर्मचारी मौजूद रहे। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं की भी उपस्थिति रही। कार्यक्रम के अंत में कॉलेज परिवार की ओर से मेयर अरविंद राणा को शुभकामनाएं दी गईं और उनके सफल कार्यकाल की कामना की गई।
