Koderma News: सड़क हादसे में युवक की मौत, शादी की खुशियां मातम में बदली
35 वर्षीय संटू राम की मौके पर मौत
कोडरमा के विशनीडीह में भतीजे के तिलक समारोह की खुशियाँ उस वक्त मातम में बदल गईं, जब शनिवार सुबह एक सड़क हादसे में 35 वर्षीय संटू राम की दर्दनाक मौत हो गई। बासोडीह बाजार से लौटते समय उनकी बुलेट मोटरसाइकिल मरचोई सकरी नदी के पुल की रेलिंग से टकरा गई, जिससे उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हृदयविदारक बात यह है कि दुर्घटनाग्रस्त बुलेट एक रात पहले ही तिलक में मिली थी; अब पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
कोडरमा: सतगावां थाना क्षेत्र के ईटाय पंचायत अंतर्गत ग्राम विशनीडीह में उस वक्त मातम पसर गया, जब शनिवार को सुबह सड़क दुर्घटना में 35 वर्षीय संटू राम की जान चली गई। मृतक के घर में भतीजे के तिलक समारोह की खुशियां मनाई जा रही थीं, जो इस हादसे के बाद चीख-पुकार में बदल गईं। मिली जानकारी के अनुसार, शुक्रवार को संटू राम के बड़े भाई के लड़के का तिलक समारोह था। शनिवार की सुबह संटू किसी व्यक्ति को मोटरसाइकिल से बासोडीह बाजार छोड़ने गया था। बाजार से वापस घर लौटने के क्रम में मरचोई सकरी नदी पर पुल के रेलिंग में बूलेट मोटरसाइकिल टकराया और मोटरसाइकिल दुर्घटनाग्रस्त हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि संटू ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

