Koderma News: भारतीय संस्कृति ज्ञान परीक्षा में सफल छात्र छात्राओं को मिला सम्मान
कक्षा पांच की छात्रा संध्या कुमारी बनीं जिले की सेकेंड टॉपर
कोडरमा जिले के राजकीय उत्क्रमित मध्य विद्यालय हेठटोला, डोमचांच के छात्र-छात्राओं ने शांतिकुंज हरिद्वार द्वारा आयोजित भारतीय संस्कृति ज्ञान परीक्षा 2026 में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है, जिसमें कक्षा पांच की छात्रा संध्या कुमारी ने जिला स्तर पर सेकेंड टॉपर बनकर विद्यालय का नाम रोशन किया। इस उपलब्धि पर विद्यालय में आयोजित एक भव्य समारोह में संध्या कुमारी सहित बेहतर प्रदर्शन करने वाले अन्य सात मेधावी विद्यार्थियों (आर्या पांडेय, आरूषी, अंजली, रिया, पल्लवी, मधु और अनमोल) को मेडल और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। विद्यालय के प्रधानाध्यापक राजू धोबी और समस्त शिक्षक स्टाफ ने बच्चों को तिलक लगाकर और माल्यार्पण कर उनका स्वागत किया और इस सफलता को सरकारी स्कूल के बच्चों की अटूट मेहनत और सही मार्गदर्शन का परिणाम बताया।
कोडरमा: राजकीय उत्क्रमित मध्य विद्यालय हेठटोला डोमचांच में आयोजित एक सादे समारोह में भारतीय संस्कृति ज्ञान परीक्षा 2026 में सफल होने वाले मेधावी छात्र-छात्राओं को मेडल एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। राजकीय उत्क्रमित मध्य विद्यालय हेठटोला डोमचांच की वर्ग पंचम की छात्रा संध्या कुमारी ने इस परीक्षा में कोडरमा जिले में सेकेंड टॉपर होकर अपने विद्यालय एवं डोमचांच का नाम रोशन किया है। शनिवार को विद्यालय में आयोजित सम्मान समारोह में विद्यालय की छात्रा संध्या कुमारी को मेडल एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया, वहीं उक्त छात्रा को माल्यार्पण कर एवं तिलक लगाकर विद्यालय की ओर से उसका स्वागत किया गया। वहीं विद्यालय की वर्ग पंचम की ही छात्रा आर्या पांडेय ने भी बेहतर प्रदर्शन कर मेडल प्राप्त करने का गौरव हासिल किया है।

विद्यालय की इस शानदार सफलता पर विद्यालय के प्रधानाध्यापक राजू धोबी ने कहा कि सरकारी विद्यालय में पढ़ने वाले बच्चों में भी प्रतिभा की कोई कमी नहीं है। बस उन्हें कुशल मार्गदर्शन देते हुए सही दिशा में प्रेषित करने की आवश्यकता है। सरकारी विद्यालय के बच्चे भी सफलता के किसी भी मुकाम को हासिल कर सकते हैं। उन्होंने सभी बच्चों को इससे प्रेरणा लेते हुए ईमानदारी पूर्वक धैर्य और लगन से मेहनत करने की सलाह दी। विद्यालय के बच्चों की इस शानदार सफलता के लिए विद्यालय के प्रधानाध्यापक राजू धोबी सहायक अध्यापिका कुमारी पूनम, रेखा कुमारी, प्रतिमा कुमारी, मनोरमा कुमारी सहायक अध्यापक नंदकिशोर शर्मा व अंबिका दास तथा कंप्यूटर शिक्षिका सुनैना कुमारी ने बच्चों को बधाई देते हुए उनको उज्जवल भविष्य की शुभकामनाएं दी।
