झारखंड बदल रहा है, वैश्विक मंच पर पहुंचाने का काम किया : हेमन्त सोरेन
कोडरमा के लोकाई में मुख्यमंत्री ने केंद्र सरकार पर साधा निशाना
कोडरमा में आयोजित सभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने केंद्र सरकार पर झारखंड की उपेक्षा का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि झारखंड अब बदल रहा है और वैश्विक मंच पर अपनी पहचान बना रहा है। इस अवसर पर शालिनी गुप्ता समेत कई लोगों ने झामुमो की सदस्यता ग्रहण की।
कोडरमा : राज्य के मुख्यमंत्री और झामुमो के केंद्रीय अध्यक्ष हेमन्त सोरेन ने गुरुवार को कोडरमा के लोकाई में कहा कि इस बार के केंद्रीय बजट में झारखंड को ठेंगा दिखा दिया, अगर हमने ठेंगा दिखा दिया तो देश पीछे चला जायेगा। उन्होंने कहा कि केंद्र से भारतीय जनता पार्टी की सरकार को उखाड़ फेंकना है, नहीं तो आदिवासी मूलवासी कोई नहीं बचेगा।

आजादी के लिए भारत देश को कितना संघर्ष करना पड़ा, वो आप सबको पता है। कितने लोग जेल गए, ना जाने कितने लोग देश के लिए कुरबान हो गए। ठीक उसी प्रकार जब ये भारत देश आज़ादी का सपना भी नहीं देखा था उससे कई वर्षों आगे से झारखंड में यहां के आदिवासी मूलवासी अंग्रेजों से लोहा लेते रहे। हजारीबाग जेल से लेकर झारखंड के हर कोने के जेल झारखंड के आंदोलनकारियों से भरा पड़ा था, तब ये राज्य मिला।
यह ऐसा राज्य है जिसने सदियों से सिर्फ देने का काम किया। उन्होंने कहा कि कोयला, लोहा, अबरख सारा कुछ हम लोग दिया। हमारे खनिज संपदा से दिल्ली, मुंबई, गुजरात चमकता रहा। हम लोग अंधकार में गरीबी में रहने को मजबूर हुए और योजनाबद्ध तरीके से झारखंड को गरीब राज्य बनाने का काम किया गया। देश के आजाद होने के बाद कारखाने उद्योग लगे लेकिन दुर्भाग्य उसका लाभ हमारे झारखंड के भाइयों को नहीं मिला। झारखंड गरीब है वो इसलिए गरीब है कि और राज्यों को आगे बढ़ाना है।
दिल्ली, मुंबई, गुजरात तो आगे बढ़ाना है तो वाहन चलाएगा कौन, सड़क, बिल्डिंग बनाएगा कौन, फैक्ट्री चलेगा तो उसको चलाएगा कौन। उसके लिए तो मजदूर चाहिए इसीलिए झरखंड बिहार को लोगों ने मजदूर बनाके छोड़ दिया। लेकिन अब झारखंड बदल रहा है, झारखंड को वैश्विक मंच पर पहुंचाने का काम किया, विदेश में यहां के नौजवान पढ़ाई कर रहे हैं।
सोरेन ने यह भी कहा कि शालिनी गुप्ता के नेतृत्व में मजबूती मिलेगी। अब दो आंख और होगी और हम और अच्छे तरीके से कोडरमा को देख सकेंगे। इस दौरान राज्य के मंत्री सुदीव्य कुमार सोनू, पार्टी नेता प्रणव वर्मा, पूर्व विधायक केदार हाजरा, पिछड़ा वर्ग आयोग के अध्यक्ष जानकी यादव के साथ पार्टी के अन्य नेता मौजूद थे। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष बिरेन्द्र पांडेय जबकि संचालन जिला सचिव पवन माइकल कुजूर ने किया।
राज्य के नगर विकास मंत्री सुदीव्य कुमार सोनू ने कहा कि साल 2019 में विधानसभा के चुनाव में झारखंड की जनता ने हेमन्त सोरेन के साथ चलने का निर्णय किया। चाहे वाह सर्वजन पेंशन योजना हो, चाहे वह सावित्रीबाई फुले किशोरी समृद्धि योजना हो, चाहे वो मैया सम्मान हो। जब 2024 का चुनाव आया तो झारखंड के बड़े भूभाग में और झारखंड के ज्यादा इलाके से लोगों ने हेमन्त सोरेन के पीछे चलने का संकल्प लिया ।
कार्यक्रम के दौरान शालिनी गुप्ता ने अपने संबोधन में जेएमएम नेतृत्व के प्रति अपनी आस्था जतायी और लोगों के समर्थन के लिए आभार जताया । भीम साहू, बिरेन्द्र साहू, सूर्यदेव मोदी, प्रवीण चंद्रवंशी, दुर्गा शाही, आईडी राम, कल्याणी सिंह, शमशुल खान, बृजनंदन यादव, विकास कुमार, कुलबीर सलूजा, मंजूर आलम, सुभाष राना, सुखदेव तुरी, बिरेन्द्र राय, नरेंद्र सिन्हा, अब्दुल रउफ, त्रिलोकी प्रसाद, विनीत मोदी, राजेन्द्र दास, रीतेश साहू ने पार्टी की सदस्यता ग्रहण की।
