Hazaribagh News: मासूम बच्ची की निर्मम हत्या, मनीष जायसवाल ने सरकार पर साधा निशाना
मनीष जायसवाल ने कहा, दोषियों को मिले फांसी जैसी सजा
हजारीबाग के विष्णुगढ़ प्रखंड में 12 वर्षीय मासूम बच्ची के साथ हुई नृशंस हत्या ने मानवता को शर्मसार कर दिया। सांसद मनीष जायसवाल, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू और अन्य नेताओं ने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर न्याय दिलाने का भरोसा जताया।
हजारीबाग: जिले के विष्णुगढ़ विष्णुगढ़ प्रखंड के एक सुदूर गांव में 12 वर्षीय मासूम बच्ची के साथ हुई दरिंदगी और उसकी नृशंस हत्या ने मानवता को शर्मसार कर दिया है। संसद सत्र से लौटते ही हजारीबाग के सांसद मनीष जायसवाल, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष व राज्यसभा सांसद आदित्य साहू सहित अन्य जनप्रतिनिधियों और नेताओं के साथ सीधे पीड़ित परिवार के पास पहुंचे और शोकसंतप्त परिजनों को ढांढस बंधाते हुए न्याय दिलाने का अटूट भरोसा जताया।

मासूम की आंखें निकाल ली गई थीं, जीभ कटी हुई थी और उसके साथ की गई बर्बरता किसी भी सभ्य समाज के लिए असहनीय है। सांसद मनीष जायसवाल ने इस कृत्य को 'रेयरेस्ट ऑफ द रेयर' मामला बताते हुए राज्य सरकार की संवेदनहीनता पर तीखा प्रहार किया है। उन्होंने अपनी नाराजगी व्यक्त करते हुए कहा कि घटना के चार दिन बीत जाने के बावजूद राज्य की झामुमो-कांग्रेस-राजद सरकार का कोई भी बड़ा अधिकारी या सत्ताधारी दल का नेता पीड़ित परिवार की सुध लेने नहीं पहुंचा।
उन्होंने इस घटना की तुलना निर्भया कांड से करते हुए कहा कि यह उससे भी कहीं अधिक दर्दनाक और जघन्य है क्योंकि इसमें पीड़िता महज एक अबोध बालिका थी। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू के नेतृत्व में पार्टी के कार्यकर्ताओं ने परिवार को तत्काल आर्थिक सहायता प्रदान की है और मांग की है कि सरकार पीड़ित परिवार की दयनीय स्थिति को देखते हुए उन्हें उचित मुआवजा दे ताकि पीड़िता के पिता को आजीविका के लिए घर छोड़कर बाहर न जाना पड़े।
उन्होंने कहा कि न्याय की मांग को लेकर भाजपा ने कड़ा रुख अपनाते हुए सरकार और प्रशासन को स्पष्ट अल्टीमेटम दिया है कि यदि रविवार तक दोषियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी सुनिश्चित नहीं की गई, तो सोमवार को 'हजारीबाग बंद' किया जाएगा और पूरे प्रदेश में भाजपा महिला मोर्चा द्वारा उग्र प्रदर्शन किया जाएगा। सांसद मनीष जायसवाल ने सत्ता पक्ष के उन आरोपों को भी सिरे से खारिज कर दिया जिसमें भाजपा पर राजनीति करने का आरोप लगाया जा रहा था।
उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी पीड़ित परिवार के साथ खड़े होना यदि राजनीति है, तो भाजपा ऐसी राजनीति बार-बार करेगी। उन्होंने दोषियों के लिए फांसी जैसी कठोरतम सजा की मांग की है ताकि समाज में ऐसी अमानवीय घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो और अपराधियों के मन में कानून का खौफ पैदा हो।
हजारीबाग के भाजपा जिला अध्यक्ष विवेकानंद सिंह ने भी इस घटना की कड़ी निंदा की और सरकार की असंवेदनशीलता पर उन्हें खूब कोसा। उन्होंने भी तत्काल पुलिस प्रशासन और सरकार से इस घटना के दोषियों को चिन्हित कर गिरफ्तार करके कड़ी कानूनी कार्रवाई करने की मांग की अन्यथा कहा कि भारतीय जनता पार्टी चरणबद्ध आंदोलन को बाध्य होगी ।
प्रेस-वार्ता में विशेष रूप से भाजपा जिला अध्यक्ष विवेकानंद सिंह, पूर्व जिला अध्यक्ष अशोक यादव, बीजेपी नेता अनिल मिश्रा, सांसद प्रतिनिधि विनोद झुनझुनवाला, हरीश श्रीवास्तव, जयनारायण मेहता, टोनी जैन, सुमन कुमार पप्पू, सांसद प्रतिनिधि अजय साहू, किशोरी राणा, रेणुका साहू, सोनू गुप्ता, दिलीप साहू, विजय वर्मा, विशेषांक वर्मा, हजारीबाग लोकसभा क्षेत्र के सांसद मीडिया प्रतिनिधि रंजन चौधरी सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।
