Sahebganj News : फाइटर प्लेन की गड़गड़ाहट के बाद धमाका, इलाके में दहशत
अचानक धमाके से गांवों में मची अफरा-तफरी
साहिबगंज के बोरियो क्षेत्र में फाइटर प्लेन की गड़गड़ाहट के बाद जोरदार धमाका सुनाई दिया, जिससे कई गांवों में दहशत फैल गई। ग्रामीणों ने पहाड़ों पर खोजबीन की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। प्रशासन ने अब तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
साहिबगंज : बोरियो थाना क्षेत्र में उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब लोगों को आसमान में फाइटर प्लेन की गड़गड़ाहट के बीच तेज धमाका सुनाई दिया। लोग अपने-अपने घरों से निकल कर आसमान की ओर देखने लगे। दनवार गाँव में लोग घरों से निकल कर पहाड़ की ओर भागे। उन्हें लगा कि शायद हेलीकॉप्टर क्रैश हुआ है, लेकिन पहाड़ पर पहुंचने पर किसी को कुछ नहीं मिला।

ग्रामीणों के अनुसार, सुबह 9 बजकर 42 मिनट पर तेज धमाका हुआ। धमाका इतना तेज था कि इलाका दहल उठा। कई लोगों ने आसमान पर फाइटर प्लेन को उड़ते भी देखा। लोगों का कहना है कि पलक झपकते ही प्लेन आसमान से गायब हो गया। फाइटर प्लेन को देखने के कुछ ही मिनट बाद लोगों ने जोरदार धमाका सुना। धमाके के बाद बोरियो पुलिस ने भी क्षेत्र में गश्त तेज कर दी। थाना प्रभारी क्षेत्र में निकल कर ग्रामीणों से जानकारी लेते रहे। हालांकि कहीं से कुछ मिलने की सूचना प्राप्त नहीं हुई।
इधर, धमाके की खबर क्षेत्र में आग की तरह फैल गई। लोगों में तरह-तरह की चर्चा होने लगी। किसी ने वायु सेना का मॉक ड्रिल बताया तो किसी ने दूसरे देश का हमला। कई लोग इस मामले को इरान-अमेरिका के बीच तनाव से जोड़कर देख रहे हैं। हालांकि इस मामले में अब तक जिला प्रशासन या सुरक्षा एजेंसियों द्वारा किसी प्रकार की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
